इंदौर में ABVP नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन: बस पास शुल्क कम करने की मांग; गर्ल्स हॉस्टल में बढ़ाए सुरक्षा व्यवस्था

इंदौर। छात्रहितों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इंदौर महानगर का नगर निगम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन मंगलवार दोपहर शुरू हुआ।
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (DAVV) के मेन गेट पर बड़ी संख्या में छात्र जुटे हैं और अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी कर रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्र नगर निगम से समस्याओं के जल्द निराकरण की मांग कर रहे हैं।
बस पास शुल्क को कम करने की मांग
अभाविप की प्रमुख मांगों में स्कूल ऑफ फार्मेसी के सामने सिटी बस स्टॉप की व्यवस्था करना, सिटी बस के बढ़े हुए बस पास शुल्क को कम करना और DAVV के मुख्य गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बनाना शामिल है। इसके अलावा DAVV गर्ल्स हॉस्टल के सर्विस रोड पर सुरक्षा के लिए कैमरे और पर्याप्त लाइट लगाने की मांग भी की जा रही है।
गर्ल्स हॉस्टल में बढ़ाए सुरक्षा व्यवस्था
अभाविप पदाधिकारियों का कहना है कि इन समस्याओं के कारण रोजाना बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खासकर विश्वविद्यालय परिसर और गर्ल्स हॉस्टल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर छात्राओं की ओर से लगातार मांग की जा रही है। प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के आसपास छात्रों की भीड़ जमा है।