| | | | | | | |

इंदौर में 19 सितंबर को होगा ‘छात्रों की गूंज’ प्रोग्राम: राहुल गांधी 6 मुद्दों पर युवाओं से करेंगे बात; जीतू पटवारी ने CM से मांगा स्थान

इंदौर। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का इंदौर दौरा टल गया है। 12 सितंबर को प्रस्तावित उनका ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। पहले इस कार्यक्रम का आयोजन इंदौर के नेहरू स्टेडियम में होना प्रस्तावित था।

हालांकि, नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिल पाने के कारण अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने कार्यक्रम की तारीख और स्थल में बदलाव करने का फैसला लिया है।  

कार्यक्रम के लिए रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान को प्राथमिकता दी जा रही है। यहां प्रदेशभर से छात्रों और युवाओं के जुटने की संभावना है। कांग्रेस कार्यक्रम को बड़े स्तर पर आयोजित करने की तैयारी कर रही है।

कांग्रेस कर रही नए स्थान की तलाश
बुधवार दोपहर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और दिल्ली से आए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में यह जानकारी निकलकर सामने आई है कि 12 सितंबर को होने वाला प्रोग्राम अब 19 सितंबर को होगा। कार्यक्रम को आगे बढ़ाने का कारण बताया जा रहा है कि कांग्रेस को आयोजन के लिए स्थान नहीं मिला इसलिए डेट बढ़ानी पड़ी।

Rahul Gandhi Student Dialogue Dehradun July 17 | No Politicians

नेहरू स्टेडियम के लिए पटवारी ने CM को लिखा पत्र
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने के लिए लगातार कोशिश कर रहे थे। इस मामले में कांग्रेस के नेताओं ने महापौर से भी चर्चा की थी। बताया गया कि पटवारी ने नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को पत्र लिखा है। सरकार की तरफ से फिलहाल इस पत्र का कोई जवाब नहीं आया है। स्थानीय नेताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से भी स्टेडियम उपलब्ध कराने के लिए संपर्क किया था। अगर कांग्रेस को नेहरू स्टेडियम नहीं मिला तो वह रीजनल पार्क के सामने खुले मैदान पर राहुल गांधी का कार्यक्रम आयोजित हो सकता है। अभी कांग्रेस उचित स्थान की तलाश में जुटी हुई है।
Image
भागीरथपुरा आए थे राहुल गांधी
इस साल 2026 में राहुल गांधी का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह जनवरी में इंदौर आए थे। 17 जनवरी 2026 को राहुल गांधी भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों के पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की थी। बॉम्बे हॉस्पिटल जाकर भर्ती मरीजों का हाल जाना था। अब वे दूसरी बार इंदौर में छात्रों की गूंज कार्यक्रम में आ रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी का दावा है कि इस आयोजन में मध्य प्रदेश से लगभग 50 से 60 हजार स्टूडेंट शामिल होंगे।

छात्रों की गूंज’ से युवाओं को जोड़ने का प्रयास
राहुल गांधी ने छात्रों से सीधे संवाद करने के लिए ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य है कि युवाओं की समस्या को चर्चा में लाना है। इसलिए ‘छात्रों की गूंज’ की शुरुआत सबसे पहले एजुकेशन हब कोटा से की गई। इसके बाद देहरादून। प्रयागराज और पुणे में आयोजन हुए है।

एजुकेशन हब होने की वजह से इंदौर को चुना
एजुकेशन के लिहाज से इंदौर प्रदेश का सबसे बड़ा केंद्र है। इसी को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित करने के लिए इंदौर को चुना। कांग्रेस अब इस अभियान को संगठन के स्तर पर कॉलेज, विवि, शहर, कस्बे और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले कोचिंग सेंटरों तक ले जाने की तैयारी में है। इसके जरिए युवाओं से जुड़े स्थानीय मुद्दों को सामने लाने और उन्हें व्यापक राजनीतिक मुद्दे में बदलने की कोशिश होगी।

सिंघार बोले-राहुल गांधी का कार्यक्रम होकर रहेगा
राहुल गांधी के युवा संवाद कार्यक्रम की जगह को लेकर चल रहे विवाद पर सिंघार ने कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम जरूर करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कितने भी बहाने बनाए, राहुल गांधी का कार्यक्रम होकर रहेगा। उन्होंने दावा किया कि रोजगार और भर्ती से जुड़े मुद्दों को लेकर बड़ी संख्या में युवा राहुल गांधी से मिलने पहुंचेंगे।

Gen-Z और Gen Alpha को लेकर भी तंज
सिंघार ने भाजपा पर युवाओं से डरने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब Gen-Z और Gen Alpha बदलाव चाहते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के युवाओं से संवाद को लेकर भी तंज कसा। सिंघार ने कहा कि आज का युवा सिर्फ नेताओं के भाषण सुनना नहीं चाहता, बल्कि बदलाव चाहता है।

चिंटू चौकसे बोले- राहुल के प्रभाव से भाजपा में डर
कांग्रेस शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आरोप लगाया कि भाजपा राहुल गांधी के प्रभाव से डरी हुई है, इसलिए कार्यक्रम की अनुमति में जानबूझकर अड़चन डाली जा रही है। चौकसे ने कहा कि कांग्रेस छात्रों और युवाओं से जुड़े इस कार्यक्रम को हर हाल में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। कार्यक्रम में 50 हजार से ज्यादा छात्रों और युवाओं के पहुंचने की संभावना है। कांग्रेस ने अभी कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी हैं। दिल्ली से कार्यक्रम की रूपरेखा मिलते ही बाकी तैयारियां तय की जाएंगी।

City Congress President and Municipal Corporation Leader of Opposition Chintu Chaukse.

पेपर लीक और बेरोजगारी पर होगी बात
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी प्रदेश के युवाओं और छात्रों से संवाद करेंगे। इस दौरान पेपर लीक, महंगी शिक्षा, बेरोजगारी और छात्रों से जुड़े दूसरे मुद्दों पर चर्चा होने की बात कही जा रही है। कार्यक्रम की नई तारीख 19 सितंबर तय होने के बाद अब कांग्रेस संगठन स्थल की तैयारियों और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

Share