| | | |

घर पर लगा रखी थी ‘IAS कलेक्टर’ की नेम प्लेट: युवक निकला फर्जी अफसर; लसूड़िया पुलिस ने किया गिरफ्तार

इंदौर। खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताकर लोगों पर रौब जमाने वाले एक युवक को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने किराये के मकान पर बाकायदा IAS RAJ SONI – District Collector की नेम प्लेट लगा रखी थी। पुलिस ने जब उससे IAS अधिकारी होने और उसकी पदस्थापना से जुड़े दस्तावेज मांगे तो वह कोई जवाब नहीं दे पाया। पूछताछ के दौरान लगातार अलग-अलग बयान देने के बाद उसकी असली पहचान सामने आई।

पुलिस के मुताबिक आरोपी का असली नाम हिमांशु पांचाल पिता योगेश पांचाल (28) है। वह मूल रूप से अहमदाबाद का रहने वाला है और इंदौर के ओमेक्स सिटी इलाके में किराये के मकान में रह रहा था।

सूचना मिली तो पुलिस पहुंची मकान पर
लसूड़िया थाना पुलिस को 2 सितंबर को सूचना मिली थी कि ओमेक्स सिटी-1 के शुभ आंगन प्रीमियम में रहने वाला एक युवक खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता है। वह इसी पहचान का इस्तेमाल कर आसपास के लोगों के बीच अपना प्रभाव जमाता था।

जानकारी मिलने के बाद एसीपी पराग सैनी और थाना प्रभारी राजकुमार यादव के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मकान मालिक और वहां रहने वाले अन्य लोगों से पूछताछ की गई। इस दौरान जानकारी मिली कि मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाला युवक खुद को राज सोनी और जिला कलेक्टर बताता है।

IAS होने के सबूत मांगे तो फंस गया
पुलिस ने युवक से उसकी पहचान, IAS सेवा में चयन और वर्तमान पदस्थापना से संबंधित दस्तावेज मांगे। लेकिन वह कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना वास्तविक नाम हिमांशु पांचाल बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी कथित IAS पहचान की जांच की तो पूरा मामला फर्जी निकला।

रुतबा और पहचान बनाने के लिए बना फर्जी कलेक्टर
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किसी भी प्रशासनिक सेवा में अधिकारी नहीं है। वह समाज में अपनी प्रतिष्ठा और प्रभाव बढ़ाने के लिए खुद को IAS अधिकारी और जिला कलेक्टर बताता था।अपनी फर्जी पहचान को असली दिखाने के लिए उसने घर पर कलेक्टर के नाम से नेम प्लेट और अन्य सामग्री लगा रखी थी, ताकि लोगों को उसके अधिकारी होने का भरोसा हो सके।

घर से मिली कलेक्टर से जुड़ी सामग्री
पुलिस ने आरोपी के मकान से फर्जी प्रशासनिक अधिकारी होने का प्रभाव दिखाने वाली कई सामग्री भी जब्त की है। इनमें IAS RAJ SONI -District Collector लिखी काले रंग की नेम प्लेट, “IAS सत्यमेव जयते” लिखा फोटो फ्रेम और सत्यमेव जयते – कलेक्टर साहब  लिखी सामग्री शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस को मौके से अन्य ऐसी वस्तुएं भी मिली हैं, जिनका इस्तेमाल आरोपी खुद को प्रशासनिक अधिकारी के रूप में पेश करने के लिए करता था।

गुजरात में भी दर्ज है मामला
पुलिस रिकॉर्ड की जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ गुजरात में दर्ज एक पुराने मामले की जानकारी भी सामने आई है। अडालज थाना, जिला गांधीनगर में उसके खिलाफ 23 मई 2026 को FIR दर्ज की गई थी।

लसूड़िया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 1370/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 204 के तहत कार्रवाई की है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और पुलिस उसके पुराने रिकॉर्ड के साथ यह भी जांच कर रही है कि उसने फर्जी IAS अधिकारी बनकर किसी व्यक्ति से ठगी या अन्य फायदा तो नहीं उठाया।

Share