अमेरिका में भारतीय मूल के युवक को हथियार तस्करी मामले में 64 माह की जेल, भारत भागने की कोशिश में पकड़ा गया

अमेरिका के California में भारतीय मूल के युवक Jashanpreet Singh को हथियारों की तस्करी और मशीनगन रखने के मामले में 64 महीने (5 साल 4 महीने) की संघीय जेल की सजा सुनाई गई है। पंजाब निवासी 27 वर्षीय जशनप्रीत सिंह पर अवैध हथियार रखने और बेचने का गंभीर आरोप साबित हुआ है।
यह जानकारी अमेरिकी अटॉर्नी Eric Grant ने दी। मामले का विवरण यूनाइटेड स्टेट्स अटॉर्नी ऑफिस, ईस्टर्न डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की आधिकारिक वेबसाइट पर साझा किया गया है।
जांच एजेंसियों के अनुसार, जशनप्रीत सिंह कथित तौर पर ‘Punjabi Devils’ मोटरसाइकिल क्लब का संस्थापक था। अधिकारियों ने इस समूह को हथियार तस्करी और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा गिरोह बताया है, जिसके संबंध कुख्यात ‘Hells Angels’ नेटवर्क से भी बताए गए हैं।
विवरण के मुताबिक, 6 जून 2025 को जशनप्रीत सिंह ने एक अंडरकवर अधिकारी को असॉल्ट हथियार, रिवॉल्वर और मशीनगन बेचने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने उसके घर पर छापा मारा, जहां से मशीन गन, मशीन गन कन्वर्जन डिवाइस, साइलेंसर और अन्य हथियार बरामद किए गए।
अधिकारियों को तलाशी के दौरान एक अनानास शैली के कैप और फ्यूज लगे हैंड ग्रेनेड भी मिले थे, जिन्हें सैन जोकिन काउंटी शेरिफ विभाग की बम निरोधक टीम ने मौके पर सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।
मामले में अदालत ने 21 जुलाई 2025 को पेशी की तारीख तय की थी, लेकिन जशनप्रीत अदालत में पेश नहीं हुआ। इसके बाद उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। जांच एजेंसियों के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए वह भूमिगत हो गया था और भारत भागने की कोशिश के दौरान 26 जुलाई को सैन फ्रांसिस्को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया।






