| | |

भारत और क्यूबा ने आपराधिक मामलों में कानूनी सहायता संधि और सांस्कृतिक सहयोग समझौते पर किए हस्ताक्षर

हवाना, 12 नवम्बर 2025।
भारत और क्यूबा ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए आपराधिक मामलों में परस्पर कानूनी सहायता संधि और सांस्कृतिक आदान-प्रदान व सहयोग से संबंधित दिशा-निर्देशों पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता राजधानी हवाना में आयोजित एक बैठक के दौरान हुआ, जिसमें भारत की ओर से विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा और क्यूबा की ओर से कार्यवाहक विदेश मंत्री गेर्राडो पेनाल्वर पोर्टल ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए।

बैठक में दोनों पक्षों ने भारत-क्यूबा सहयोग में अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की और व्यापार, संस्कृति, शिक्षा, स्वास्थ्य और न्यायिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में आगे की संभावनाओं पर चर्चा की। यह संधि न केवल कानूनी और न्यायिक सहयोग को नई दिशा देगी, बल्कि दोनों देशों के बीच संस्थागत साझेदारी और विश्वास को भी और मजबूत करेगी।

क्यूबा के कार्यवाहक विदेश मंत्री गेर्राडो पेनाल्वर पोर्टल ने हाल के वर्षों में आए तूफानों और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भारत द्वारा प्रदान की गई सहायता के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि हाल ही में आए मेलिसा तूफान के बाद भारत ने 20 टन राहत सामग्री भेजी थी और पूर्वी क्यूबा के प्रभावित क्षेत्रों में चलते-फिरते स्वास्थ्य केंद्र (मोबाइल मेडिकल यूनिट) की सुविधा भी उपलब्ध कराई थी।

दोनों देशों के बीच यह समझौता वैश्विक मंचों पर एक-दूसरे के समर्थन और सहयोग को और सुदृढ़ बनाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल दक्षिण-दक्षिण सहयोग को नई ऊँचाई देने के साथ-साथ भारत की लैटिन अमेरिकी देशों में बढ़ती कूटनीतिक उपस्थिति का प्रतीक है।

Share

Similar Posts