|

स्वतंत्रता दिवस पर बच्चों के बीच पहुंचीं मंत्री भूरिया: बोलीं- मेहनत से परिवार और जिले का नाम रोशन करें; बच्चों साथ किया भोजन

झाबुआ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने स्कूली बच्चों के साथ स्वतंत्रता पर्व मनाया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह के बाद मंत्री PM श्री एकीकृत शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रातीतलाई पहुंचीं। यहां प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के तहत आयोजित विशेष भोज में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया।

बच्चों से पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों पर की चर्चा
स्कूल पहुंचने पर मंत्री भूरिया ने स्टूडेंट्स को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद बच्चों के बीच बैठकर भोजन किया और उनसे संवाद किया। उन्होंने स्टूडेंट्स से पढ़ाई और स्कूल की गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। मंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों में भी उत्साह नजर आया।

मंत्री भूरिया ने स्टूडेंट्स को देश का भविष्य बताते हुए शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स प्रतिभा और मेहनत के दम पर आगे बढ़ें। स्टूडेंट्स अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें।

अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी बच्चों के साथ बैठे
जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेंद्र सिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया सहित अन्य अधिकारियों ने भी स्टूडेंट्स के साथ बैठकर भोजन किया।

बच्चों और अतिथियों के एक साथ भोजन करने से स्कूल परिसर में समानता और आत्मीयता का माहौल नजर आया।

1995 से 15 अगस्त को विशेष भोज की परंपरा
प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना का शुभारंभ 15 अगस्त 1995 को किया गया था। स्वतंत्रता दिवस पर स्टूडेंट्स के साथ विशेष भोज आयोजित करने की परंपरा के तहत इस वर्ष भी रातीतलाई स्कूल में आयोजन किया गया।

इस अवसर पर SDM झाबुआ महेश मंडलोई, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सुप्रिया बिसेन, स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Share