इंदौरियों को भाया मेट्रो का सफर: 17 किमी की यात्रा में सेल्फी लेते दिखे युवा; बच्चों ने देखे शहर के नजारे

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शनिवार को गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक मेट्रो सेवा के शुभारंभ के बाद रविवार को बड़ी संख्या में शहरवासियों ने मेट्रो का सफर किया। परिवार के साथ पहुंचे लोगों में मेट्रो यात्रा को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक दिखा उत्साह
करीब 17 किलोमीटर के सफर में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग मेट्रो में यात्रा करते नजर आए। बच्चों ने मेट्रो से शहर की हरियाली और आसपास के नजारों को उत्सुकता से देखा।

युवाओं में सेल्फी का क्रेज
मेट्रो के सफर के दौरान युवाओं में सेल्फी लेने का क्रेज भी देखने को मिला। कई लोगों ने परिवार और दोस्तों के साथ फोटो खींचकर इस नए सफर को यादगार बनाया।

यातायात आसान होने की उम्मीद
शहरवासियों का कहना है कि मेट्रो इंदौर की नई पहचान बनने के साथ यातायात को भी आसान बनाएगी। रविवार को गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक सफर करने के लिए लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।