|

होशियारपुर में निहंगों ने बेटे को पीटा: मां से मारपीट का आरोप, माफी मंगवाई; डंडे से पिटाई का VIDEO वायरल

होशियारपुर। पंजाब के होशियारपुर में एक युवक को उसकी मां से मारपीट करने के आरोप में निहंगों ने पीट दिया। आरोप है कि युवक नशे में अपनी मां को डंडे से मारता था। मां ने परेशान होकर अपनी शादीशुदा बेटी को पूरी बात बताई। बेटी ने इसकी जानकारी निहंगों को दी। इसके बाद चार निहंग महिला के घर पहुंचे और युवक को सजा दी।

घटना का वीडियो अब सामने आया है। वीडियो करीब 55 सेकेंड का है। इसमें एक निहंग युवक के दोनों हाथ सामने करवाकर डंडे मारता दिखाई दे रहा है। निहंग ने करीब 20 सेकेंड में युवक को 8 से 9 डंडे मारे। इस दौरान युवक डर से कांपता नजर आया। वीडियो में निहंग उसे चुप रहने की चेतावनी भी देता है। इसके बाद वह महिला के शरीर पर चोट के निशान होने की बात कहता है।

निहंगों ने मां से माफी मांगने को कहा
पिटाई के बाद युवक को नीचे बैठाया गया। निहंगों ने उससे अपनी मां से माफी मांगने को कहा। इसके बाद युवक ने अपनी मां से माफी मांगी। उसने कहा, “मां, अब मैं तुम्हें दोबारा नहीं मारूंगा।” महिला ने भी बेटे को समझाया और कहा कि वह आगे से उसके साथ मारपीट न करे।

महिला की पीठ पर चोट के निशान
वीडियो में निहंग महिला की पीठ पर चोट के निशान भी दिखाता है। महिला के शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी चोट के निशान हैं। महिला ने निहंगों से कहा कि उनके जाने के बाद उसका बेटा फिर उसे मार सकता है। इस पर निहंग ने उसे भरोसा दिलाया कि अब ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।

बेटी को बताई थी पूरी बात
मामला टांडा के पास जांझा गांव का बताया जा रहा है। महिला और उसके बेटे का नाम सामने नहीं आया है। निहंग दिलदार सिंह के मुताबिक महिला ने अपनी बेटी को बताया था कि उसका बेटा नशे में उसके साथ मारपीट करता है। बेटी की जानकारी के बाद चार निहंग महिला के घर पहुंचे थे।

पहले पुलिस से भी की थी शिकायत
निहंग दिलदार सिंह का दावा है कि महिला पहले भी बेटे के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर चुकी थी। इसके बाद भी उसके व्यवहार में बदलाव नहीं आया। महिला के पति की करीब चार साल पहले मौत हो चुकी है। युवक अविवाहित बताया जा रहा है। घटना 19 अगस्त की है। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है।

Share