होली पर शेयर बाजार बंद: आज BSE और NSE पर नहीं होगी ट्रेडिंग, MCX शाम को खुलेगा

होली के अवसर पर आज घरेलू शेयर बाजार में अवकाश है। 03 मार्च को Bombay Stock Exchange (BSE) और National Stock Exchange of India (NSE) पर किसी प्रकार की ट्रेडिंग नहीं होगी। हालांकि देश के कई हिस्सों में होली 3 और 4 मार्च को मनाई जा रही है, लेकिन स्टॉक एक्सचेंज के वार्षिक अवकाश कैलेंडर के अनुसार 3 मार्च को ही ट्रेडिंग हॉलीडे घोषित किया गया है।
कमोडिटी बाजार की बात करें तो Multi Commodity Exchange of India (MCX) में सुबह के सत्र में कोई कारोबार नहीं होगा, जबकि शाम के सत्र में सामान्य ट्रेडिंग होगी। यानी शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक एमसीएक्स पर अन्य दिनों की तरह कारोबार जारी रहेगा।
स्टॉक एक्सचेंज के हॉलीडे कैलेंडर के अनुसार मार्च में साप्ताहिक शनिवार-रविवार अवकाश के अलावा तीन अतिरिक्त ट्रेडिंग हॉलीडे हैं। आज के बाद 26 मार्च को श्रीरामनवमी और 31 मार्च को महावीर जयंती के अवसर पर बाजार बंद रहेगा।
साल 2026 में कुल 16 ट्रेडिंग हॉलीडे घोषित किए गए हैं। जनवरी में दो छुट्टियां हो चुकी हैं, जबकि अप्रैल में गुड फ्राइडे (3 अप्रैल) और डॉक्टर अंबेडकर जयंती (14 अप्रैल) को अवकाश रहेगा। मई में 1 मई (महाराष्ट्र दिवस) और 28 मई (बकरीद), जून में 26 जून (मोहर्रम) को बाजार बंद रहेगा। सितंबर में 14 सितंबर (गणेश चतुर्थी), अक्टूबर में 2 अक्टूबर (गांधी जयंती) और 20 अक्टूबर (दशहरा), नवंबर में 10 नवंबर (दिवाली) और 24 नवंबर (गुरु नानक जयंती) तथा 25 दिसंबर (क्रिसमस) को साल का अंतिम ट्रेडिंग हॉलीडे रहेगा।






