दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम के साथ नहीं जाएंगे हर्षित राणा

टीम इंडिया के युवा तेज़ गेंदबाज़ हर्षित राणा को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के बाद टीम से बाहर कर दिया गया है। बुधवार, 25 जून 2025 को टीम मैनेजमेंट ने उन्हें स्क्वाड से रिलीज़ कर दिया। हर्षित को इंग्लैंड के खिलाफ लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट के लिए बैकअप के तौर पर टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उनके प्रदर्शन को देखते हुए अब उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है।
हर्षित, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो टेस्ट मैच खेले थे, वहां भी खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए थे। इसके बाद वह इंडिया ए टीम का हिस्सा बने, लेकिन इंग्लैंड लायंस के खिलाफ खेले गए अनऑफिशियल टेस्ट में 27 ओवर में 99 रन देकर सिर्फ एक विकेट ही हासिल कर सके।
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, “हर्षित राणा को स्क्वाड से रिलीज़ कर दिया गया है। वह बर्मिंघम में 4 जुलाई से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम के साथ नहीं गए हैं।”
23 वर्षीय हर्षित राणा, जो कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के शिष्य माने जाते हैं, एक आक्रामक “हिट-द-डेक” बॉलर हैं। उन्होंने पर्थ में ट्रैविस हेड को ऑफ-कटर पर बोल्ड कर सुर्खियां बटोरी थीं, लेकिन रेड-बॉल क्रिकेट में उनका अनुभव और कौशल अभी अधूरा नजर आता है।
चौंकाने वाली बात यह रही कि टीम मैनेजमेंट ने अधिक अनुभवी और कंडीशन के अनुरूप गेंदबाज़ जैसे मुकेश कुमार या अंशुल कांबोज की जगह हर्षित को कवर के रूप में चुना था।
पहले टेस्ट में भारत की हार के बाद कोच गौतम गंभीर ने कहा, “हर्षित राणा को कुछ हल्की चोटों की वजह से रोका गया था… अब सब कुछ ठीक है। मैं सिलेक्टर्स के चेयरमैन से बात करूंगा, और उसके बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा।”
हर्षित की मौजूदा फॉर्म और कंडीशन के हिसाब से उनका खेल यह संकेत देता है कि वह फिलहाल टेस्ट क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार नहीं हैं और उन्हें अभी और मेहनत की जरूरत है।






