कुंभ-कांवड़ तैयारियों के बीच हरिद्वार में चला बुलडोजर, अतिक्रमण हटाने पर व्यापारियों का विरोध

हरिद्वार। आगामी कुंभ एवं कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार प्रशासन द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भीमगोड़ा और खड़खड़ी क्षेत्र में बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई, जहां रेलवे भूमि और अन्य स्थानों पर बने अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया।

प्रशासन की टीम ने भीमगोड़ा स्थित रेलवे बाउंड्री के अंदर बने अवैध टीनशेड, तिरपाल और खोखा-पटरी की दुकानों को हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान लगभग 40 से 50 अस्थायी खोखे और ढांचों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान अपनी तिरपाल हटाने का प्रयास कर रहा एक व्यक्ति छप्पर से नीचे गिरकर घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए भेजा गया।

अभियान के दौरान सुविधा होटल क्षेत्र में जेसीबी मशीन पहुंचने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थायी दुकानदारों और खोखा-पटरी संचालकों ने प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते हुए नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि केवल रेलवे भूमि पर बने छोटे कारोबारियों के ढांचे हटाए जा रहे हैं, जबकि अन्य स्थायी अतिक्रमणों के खिलाफ समान कार्रवाई नहीं की जा रही।

स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और हालात को नियंत्रित किया। इसके बाद प्रशासन की टीम पंजाब सिंध क्षेत्र पहुंची, जहां अमृतसरी वैष्णव ढाबा और शिव भोजनालय के ऊपर लगे बोर्डों को भी हटाया गया।

इस कार्रवाई का स्थानीय व्यापारियों ने कड़ा विरोध किया। कई व्यापारी जेसीबी मशीन के सामने लेट गए और अभियान रोकने की मांग करने लगे। विरोध बढ़ने पर सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव, व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष संजीव नैय्यर और स्थानीय व्यापारियों के बीच वार्ता हुई।

बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने पर प्रशासन ने फिलहाल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई स्थगित कर दी। प्रशासन का कहना है कि कुंभ और कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

मौके पर बड़ी संख्या में व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Share

Similar Posts