| |

हरारे में आज दूसरा टी20: जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरी सीरीज जीत पर भारत की नजर

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला आज (शनिवार, 25 जुलाई) हरारे स्पोर्ट्स क्लब में शाम 4:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा। पहले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया ने सात विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली थी। अब भारतीय टीम की नजर दूसरा मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम करने और जिम्बाब्वे के खिलाफ लगातार तीसरी टी20 सीरीज जीतने पर होगी।
पहले टी20 में भारत के बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। वही श्रेयश अय्यर के कप्तानी पर उठने वाले सवालों से भी राहत मिलेगी ।

वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें, एक और विस्फोटक पारी की उम्मीद

पहले टी20 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैच का रुख बदलने वाले युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर दूसरे मुकाबले में भी सभी की नजरें रहेंगी। उन्होंने पहले मैच में आक्रामक अर्धशतक जड़कर भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी और अपनी बेखौफ बल्लेबाजी से खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शानदार फॉर्म में चल रहे वैभव से आज भी टीम इंडिया को तेज शुरुआत की उम्मीद होगी। यदि वह अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो भारत के लिए लगातार तीसरी बार जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने की राह और आसान हो सकती है।

जीत की लय बरकरार रखने उतरेगा भारत

पहले टी20 में हर विभाग में शानदार प्रदर्शन करने वाली टीम इंडिया दूसरे मुकाबले में भी उसी लय को कायम रखना चाहेगी। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग में संतुलित प्रदर्शन के दम पर भारत सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से मैदान में उतरेगा।

जिम्बाब्वे के सामने ‘करो या मरो’ की चुनौती

सीरीज में 0-1 से पिछड़ चुकी मेजबान जिम्बाब्वे के लिए दूसरा टी20 बेहद अहम है। यदि वह यह मुकाबला जीतने में सफल रहती है तो सीरीज 1-1 से बराबर हो जाएगी, जबकि हार की स्थिति में सीरीज भारत के नाम हो जाएगी। ऐसे में घरेलू टीम पूरी ताकत के साथ वापसी की कोशिश करेगी।

Share