| |

ग्वालियर में 51 सेकंड में डिलीवरी बॉय की हत्या: मोमोज वाले से हुआ था विवाद; बीच-बचाव करने आए विवेक को मारी गोली

ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर में गुरुवार 27 अगस्त की रात डिलीवरी बॉय विवेक मीणा की हत्या का 51 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में तीन बदमाश मोमोज ठेले वाले से विवाद करते और बीच-बचाव करने आए 28 वर्षीय विवेक को गोली मारते नजर आ रहे हैं।

गोली विवेक के माथे में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के 24 घंटे बाद भी पुलिस के कोई सुराग नहीं मिला है। हालांकि, फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी तलाश में 7 जिलों में छापेमारी की जा रही है।

तीनों आरोपियों की पहचान, पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस ने CCTV फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान राहुल गट्टा, सौरभ यादव और लाला अग्रवाल के रूप में की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार तीनों आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है।

गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम
शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम के दौरान आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से मृतक के परिजन और साथी आक्रोशित हो गए। उन्होंने मानसिक आरोग्यशाला तिराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद भी जब भीड़ नहीं हटी, तो पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर चक्काजाम खुलवाया।

6 टीमें दे रही है सर्च 
SSP धर्मवीर सिंह के निर्देशन में आरोपियों को पकड़ने के लिए 6 विशेष टीमें बनाई गई हैं। पुलिस की टीमें मुरैना, धौलपुर, आगरा, भिंड, शिवपुरी, दतिया और भोपाल में लगातार दबिश दे रही हैं।

जांच में एक आरोपी की महिला मित्र के भोपाल में रहने की जानकारी मिली है, जिसके आधार पर भोपाल के संभावित ठिकानों पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share