| |

अप्रैल में GST कलेक्शन ने बनाया रिकॉर्ड, 2.43 लाख करोड़ रुपये पहुंचा आंकड़ा

नई दिल्ली से जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार देश का सकल माल एवं सेवा कर (GST) राजस्व संग्रह अप्रैल 2026 में रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। इस महीने GST कलेक्शन 8.7 प्रतिशत बढ़कर 2,42,702 करोड़ रुपये (करीब 2.43 लाख करोड़ रुपये) हो गया, जो अब तक का सर्वाधिक स्तर है।

इससे पहले अप्रैल 2025 में GST संग्रह 2.23 लाख करोड़ रुपये के आसपास दर्ज किया गया था। इस साल का आंकड़ा उस रिकॉर्ड को भी पार कर गया है, जो देश की मजबूत आर्थिक गतिविधियों का संकेत माना जा रहा है।

जीएसटी महानिदेशालय के अनुसार, इस वृद्धि के पीछे मुख्य कारण आयात पर कर संग्रह में तेज उछाल और घरेलू खपत में मजबूती है।

आंकड़ों के मुताबिक, घरेलू लेन-देन से प्राप्त GST राजस्व 4.3 प्रतिशत बढ़कर 1.85 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। वहीं आयात से मिलने वाले GST में 25.8 प्रतिशत की बड़ी वृद्धि दर्ज की गई, जिससे यह 57,580 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।

अप्रैल महीने के दौरान सरकार ने 31,793 करोड़ रुपये के रिफंड भी जारी किए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.3 प्रतिशत अधिक है। रिफंड समायोजित करने के बाद शुद्ध GST संग्रह 7.3 प्रतिशत बढ़कर करीब 2.11 लाख करोड़ रुपये रहा।

विशेषज्ञों के अनुसार, GST संग्रह में यह लगातार बढ़ोतरी देश में आर्थिक गतिविधियों के विस्तार, बेहतर टैक्स अनुपालन और मजबूत उपभोक्ता मांग को दर्शाती है। आने वाले महीनों में भी इस रुझान के बने रहने की उम्मीद जताई जा रही है।

Share

Similar Posts