|

पीथमपुर के रिटस्पिन वेतन विवाद में आधिकारिक बयान जारी: 21 अगस्त तक सबको मिलेगी सैलरी; पुलिस की मौजूदगी में हुई चर्चा

धार/पीथमपुर। रिटस्पिन सिंथेटिक्स लिमिटेड ने आधिकारिक बयान जारी किया है। यूनिट हेड संतोष सिंह भदौरिया ने कहा कि विदेशी ऑर्डरों में आई परेशानियों के कारण वेतन भुगतान में देरी हुई। उन्होंने दावा किया कि श्रमिकों से चर्चा हो चुकी है। 21 अगस्त तक सभी बकाया भुगतान पूरे कर दिए जाएंगे।

कंपनी ने जारी किया भुगतान शेड्यूल
वेतन और पीएफ विवाद के बीच कंपनी प्रबंधन ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया।  प्रबंधन की ओर से मिल परिसर में लगाए गए नोटिस में भुगतान की तारीखें भी बताई गई हैं। इसके अनुसार 7 अगस्त को 26 जून का शेष वेतन मिलेगा। 1 से 15 जुलाई तक का गुड वर्क भुगतान किया जाएगा।

मिल परिसर के बाहर श्रमिकों ने किया था प्रदर्शन
इसके बाद 19 अगस्त को 16 से 31 जुलाई तक का वेतन देंगे। 21 अगस्त को जुलाई महीने का पूरा वेतन जारी होगा। इससे पहले मिल परिसर के बाहर श्रमिकों ने प्रदर्शन किया था। मजदूरों ने आरोप लगाया था कि पिछले तीन महीने से उनका वेतन रुका हुआ है।

पीएफ की राशि खातों में नहीं आई 
श्रमिकों का कहना था कि वेतन नहीं मिलने से घर चलाने और बच्चों की फीस जमा करने में परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि लंबे समय से पीएफ के नाम पर राशि काटी जा रही है । अभी तक वह खातों में जमा नहीं हुई।

पुलिस की मौजूदगी में हुई चर्चा
सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने कंपनी प्रबंधन से चर्चा की और जल्द भुगतान करने को कहा।

Share