जीपीकेएल सीजन-2 की तैयारियां तेज, देशभर में कबड्डी खिलाड़ियों की स्काउटिंग शुरू

Global Pravasi Kabaddi League (जीपीकेएल) के सीजन-2 की तैयारियां तेज हो गई हैं। दूसरे सीजन के लिए देश के प्रमुख कबड्डी केंद्रों में खिलाड़ियों की स्काउटिंग (प्रतिभा खोज) प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसका उद्देश्य मजबूत और प्रतिस्पर्धी खिलाड़ियों का पूल तैयार करना है।

लीग आयोजकों के अनुसार स्काउटिंग के दौरान खिलाड़ियों का मूल्यांकन तकनीकी कौशल, फिटनेस, रणनीतिक समझ और मैच टेम्परामेंट के आधार पर किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को बाद में केंद्रीय प्लेयर ड्राफ्ट पूल में शामिल किया जाएगा।

पुरुष और महिला दोनों वर्गों की टीमें

जीपीकेएल सीजन-2 में पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हर फ्रेंचाइजी अपने बैनर के तहत दो टीमें उतारेगी। लीग प्रबंधन का मानना है कि इससे कबड्डी के दोनों वर्गों में प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच मिलेगा।

ड्राफ्ट प्रक्रिया पर क्या बोले अधिकारी

स्काउटिंग प्रक्रिया की निगरानी कर रहे Karthik Dammu ने कहा कि लीग का मुख्य उद्देश्य मजबूत और प्रतिस्पर्धी प्रतिभा पूल तैयार करना है।

उन्होंने कहा, “देश की कई प्रमुख कबड्डी अकादमियों के माध्यम से खिलाड़ियों की स्काउटिंग शुरू हो चुकी है। हम पारंपरिक कबड्डी क्षेत्रों से प्रतिभाओं की पहचान कर रहे हैं। ड्राफ्ट संरचना तय होने के बाद हमारा ध्यान संतुलित टीम तैयार करने पर है, जिसमें घरेलू खिलाड़ियों के साथ उभरती अंतरराष्ट्रीय प्रतिभा भी शामिल हो।”

अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी मौका

जीपीकेएल का यह मॉडल प्रतिस्पर्धात्मक संतुलन बनाए रखने के साथ-साथ कबड्डी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। लीग के आगामी सीजन में यूरोप, अफ्रीका और एशिया के कई देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

आयोजकों का मानना है कि यह पहल न केवल भारत में कबड्डी की लोकप्रियता को और बढ़ाएगी, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस खेल के पेशेवर ढांचे को मजबूत करने में मदद करेगी।

Share

Similar Posts