सर्राफा बाजार में नरमी: सोना 320 रुपये तक सस्ता, चांदी में भी गिरावट

घरेलू सर्राफा बाजार में आज सोना और चांदी की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार के दौरान सोना 290 रुपये से 320 रुपये प्रति 10 ग्राम तक सस्ता हुआ, जबकि चांदी की कीमत में 100 रुपये प्रति किलोग्राम तक की सांकेतिक गिरावट देखने को मिली।

कीमतों में नरमी के बाद देश के अधिकांश सर्राफा बाजारों में 24 कैरेट सोना 1,52,350 रुपये से 1,54,370 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच कारोबार कर रहा है। वहीं 22 कैरेट सोने की कीमत 1,39,650 रुपये से 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बनी हुई है। दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का भाव शुरुआती कारोबार के दौरान 2,75,000 रुपये प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया।

हालांकि, साप्ताहिक आधार पर सोना और चांदी दोनों में तेजी देखने को मिली है। बीते सप्ताह 24 कैरेट सोने की कीमत में 1,640 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की बढ़ोतरी हुई, जबकि 22 कैरेट सोना करीब 1,500 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ। इसी तरह चांदी भी पिछले सप्ताह 10,000 रुपये प्रति किलोग्राम तक महंगी हो चुकी है।

प्रमुख शहरों में सोने के ताजा भाव

  • दिल्ली: 24 कैरेट सोना 1,52,500 रुपये, 22 कैरेट 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • मुंबई: 24 कैरेट 1,52,350 रुपये, 22 कैरेट 1,39,650 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • भोपाल: 24 कैरेट 1,52,400 रुपये, 22 कैरेट 1,39,700 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • अहमदाबाद: 24 कैरेट 1,52,400 रुपये, 22 कैरेट 1,39,700 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • चेन्नई: 24 कैरेट 1,54,370 रुपये, 22 कैरेट 1,41,500 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • कोलकाता: 24 कैरेट 1,52,350 रुपये, 22 कैरेट 1,39,650 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • लखनऊ: 24 कैरेट 1,52,500 रुपये, 22 कैरेट 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम
  • जयपुर: 24 कैरेट 1,52,500 रुपये, 22 कैरेट 1,39,800 रुपये प्रति 10 ग्राम

वहीं बेंगलुरु, हैदराबाद और भुवनेश्वर जैसे शहरों में भी सोने के भाव में गिरावट का रुख बना हुआ है। इन शहरों में 24 कैरेट सोना 1,52,350 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट सोना 1,39,650 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव और डॉलर की चाल का असर घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमतों में और बदलाव देखने को मिल सकता है।

Share

Similar Posts