ग्लोबल मार्केट में तेजी की बहार, सीजफायर के बाद एशियाई बाजारों में जोरदार उछाल

पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच सीजफायर के ऐलान के बाद वैश्विक बाजारों से सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं। एशियाई बाजारों में आज चौतरफा तेजी देखने को मिल रही है, जिससे निवेशकों में उत्साह बढ़ा है।
अमेरिकी बाजार पिछले सत्र में मिलेजुले रुख के साथ बंद हुए थे। S&P 500 0.08 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 6,616.85 अंक पर बंद हुआ, जबकि NASDAQ Composite 0.03 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 21,990.75 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, सीजफायर की खबर के बाद Dow Jones Futures में जोरदार तेजी आई और यह 2.32 प्रतिशत उछलकर 47,666 अंक के स्तर पर पहुंच गया।
यूरोपीय बाजारों में पिछले सत्र में कमजोरी देखी गई। FTSE 100, CAC 40 और DAX सभी प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए।
एशियाई बाजारों में जबरदस्त तेजी
सीजफायर के ऐलान के बाद एशियाई बाजारों में आज जोरदार उछाल देखा जा रहा है। GIFT Nifty 3.64 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,979 अंक पर कारोबार कर रहा है।
इसके अलावा Hang Seng Index लगभग 3 प्रतिशत की तेजी के साथ ऊपर पहुंचा, जबकि KOSPI में 7 प्रतिशत से अधिक की जोरदार उछाल दर्ज की गई।
जापान का Nikkei 225 5 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं ताइवान, इंडोनेशिया, चीन और थाईलैंड के बाजारों में भी सकारात्मक रुख बना हुआ है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से निवेशकों का भरोसा लौटा है, जिसका असर वैश्विक शेयर बाजारों पर साफ दिखाई दे रहा है।
हालांकि, जानकारों का मानना है कि बाजार में यह तेजी अल्पकालिक भी हो सकती है, क्योंकि भू-राजनीतिक स्थिति पूरी तरह स्थिर नहीं हुई है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहकर निवेश करने की सलाह दी जा रही है।






