गांव में ही मिली सरकारी सेवाएं: इंदौर के ग्रामीणों को अब नहीं लगाने पड़ेंगे सरकारी कार्यालयों के चक्कर

इंदौर। इंदौर में लोगों को राजस्व संबंधी सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष राजस्व शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर विभिन्न राजस्व निरीक्षक क्षेत्रों में बड़े स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं।
शुक्रवार को इंदौर की बांक पंचायत में विशेष राजस्व शिविर आयोजित किया गया। शिविर में नामांतरण, ईडब्ल्यूएस (EWS) प्रमाण पत्र सहित राजस्व विभाग से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के आवेदनों का निराकरण किया गया। कई हितग्राहियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र और आवश्यक दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए।
ग्रामीणों की अधिकारियों से मांग
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने डायवर्जन टैक्स का ऑनलाइन लेजर उपलब्ध कराने और जाति सहित अन्य प्रमाण पत्रों के लिए पटवारी की उपस्थिति का एक निश्चित दिन तय करने की मांग रखी। अधिकारियों ने सभी सुझावों पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
SDM बोलीं- मौके पर हो रहा समाधान
एसडीएम निधि वर्मा ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, ताकि ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।