बरगी हादसे के बाद सख्ती: गंगरेल जलाशय में बोटिंग सुरक्षा का बड़ा निरीक्षण

धमतरी स्थित गंगरेल जलाशय में प्रशासन ने बोटिंग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सघन निरीक्षण किया। हाल ही में बरगी डैम में हुए हादसे के बाद यह कार्रवाई की गई है।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा के निर्देश पर शुक्रवार शाम गंगरेल के प्रमुख बोटिंग प्वाइंट्स पर सुरक्षा के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान लाइफ जैकेट, लाइफ ब्वाय, आपातकालीन किट समेत सभी सुरक्षा उपकरणों की स्थिति का परीक्षण किया गया। साथ ही बोटों की तकनीकी मजबूती और संचालन मानकों को भी परखा गया। अधिकारियों ने बोट संचालकों को सख्त निर्देश दिए कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइफ जैकेट किसी भी पर्यटक को बोटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही बोट की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौसम की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही बोटिंग संचालन करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस और एसडीआरएफ की टीम भी मौजूद रही। मौके पर मॉक ड्रिल कर आपातकालीन स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण किया गया।
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि पर्यटन सीजन के दौरान सुरक्षा मानकों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित निरीक्षण और कड़ी निगरानी के जरिए सभी जल पर्यटन स्थलों को सुरक्षित बनाने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।






