| |

एक पेड़ मां के नाम: अहिल्या उपवन में 21 हजार पौधों का वृक्षारोपण, पत्नी के साथ शामिल हुए महापौर

इंदौर। मंगलवार को “एक पेड़ मां के नाम” अभियान की शुरुआत हुई। इसके तहत अहिल्या उपवन में 21 हजार पौधों का वृक्षारोपण किया गया । महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने अपनी पत्नी के साथ पौधारोपण कर शुभारंभ किया। खास बात यह है कि ये पौधे शहर के विकास कार्यों के दौरान हटाए गए वृक्षों के एवज में लगाए जा रहे हैं। नगर निगम का लक्ष्य इस पूरे क्षेत्र को फल वाटिका और डेंस फॉरेस्ट के रूप में विकसित करना है। सभी पौधों की तीन वर्षों तक विशेष देखरेख भी की जाएगी।

संतों, सामाजिक संगठनों ने भी किया सहयोग
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, संतों, सामाजिक संगठनों, स्कूली विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। नगर निगम यहां 5 से 8 फीट ऊंचाई वाले हजारों फलदार पौधे रोप रहा है। जिन्हें भविष्य में घने जंगल और फल वाटिका का स्वरूप दिया जाएगा। इन पौधों को केवल लगाने तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि आधिरकारिक एजेंसी अगले तीन वर्षों तक उनकी सिंचाई, सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी निभाएगी। नगर निगम का कहना है कि विकास कार्यों के दौरान यदि किसी स्थान से वृक्ष हटाना पड़ता है तो उसकी भरपाई कई गुना अधिक पौधे लगाकर की जाएगी।

हरियाली बढ़ाने के लिए शुरू किया अभियान
इसी सोच के साथ शहर में हरियाली को लगातार बढ़ाने की दिशा में यह अभियान चलाया जा रहा है। इंदौर में इस वर्ष 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें जनभागीदारी को सबसे अहम आधार बनाया गया है।

सिरपुर के आस पास लगेंगे 16 हजार पौधे
जूही भार्गव ने बताया कि महापौर जी का संकल्प है कि अहिल्या वन में कम से कम 1100 पौधे लगाए जाए। इसके अलावा 16 हजार पौधे सिरपुर तालाब के आस-पास भी लगाए जाएंगे। हरियाली और वृक्षारोपण के उद्देश्य से इस अभियान की शुरुआत की गई है।

Share