‘डॉन 3’ पर ब्रेक, ‘जी ले जरा’ को आगे बढ़ाने की तैयारी में फरहान अख्तर

फरहान अख्तर की बहुप्रतीक्षित फिल्म डॉन 3 लंबे समय से चर्चा में बनी हुई है, लेकिन इसकी कास्टिंग को लेकर जारी असमंजस के चलते फिलहाल यह प्रोजेक्ट धीमा पड़ता नजर आ रहा है। रणवीर सिंह के फिल्म से अलग होने की खबरों के बाद फ्रेंचाइजी को लेकर अनिश्चितता और बढ़ गई है। बीच-बीच में ऋतिक रोशन और शाहरुख खान के नामों को लेकर भी अटकलें लगती रहीं, लेकिन अब तक किसी भी कास्टिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ऐसे में रिपोर्ट्स के मुताबिक, निर्देशक और अभिनेता फरहान अख्तर ने फिलहाल ‘डॉन 3’ को होल्ड पर रखने का फैसला किया है और अपना फोकस एक दूसरे प्रोजेक्ट पर शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं।
‘जी ले जरा’ को दोबारा ट्रैक पर लाने की कोशिश
बताया जा रहा है कि फरहान अख्तर अपनी ड्रीम रोड-ट्रिप फिल्म जी ले जरा को एक बार फिर आगे बढ़ाना चाहते हैं। यह फिल्म लंबे समय से ठंडे बस्ते में थी, लेकिन अब मेकर्स इसे फिर से ट्रैक पर लाने के मूड में नजर आ रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार है।
सूत्रों का कहना है कि फरहान अख्तर एक बार फिर प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट और कैटरीना कैफ से संपर्क में हैं, ताकि उनकी उपलब्ध तारीखों को लेकर बातचीत को आगे बढ़ाया जा सके।
डेट्स बनी सबसे बड़ी चुनौती
दरअसल, ‘जी ले जरा’ की सबसे बड़ी चुनौती इसकी स्टार कास्ट की डेट्स का तालमेल बैठाना रहा है। तीनों अभिनेत्रियों के व्यस्त शेड्यूल के कारण पहले भी फिल्म की शूटिंग कई बार टल चुकी है। इंडस्ट्री सूत्रों के मुताबिक, यदि तारीखें फाइनल हो जाती हैं तो फिल्म की शूटिंग 2026 की दूसरी छमाही में शुरू हो सकती है।
फिलहाल फरहान अख्तर इसी दिशा में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं, जबकि ‘डॉन 3’ की कास्टिंग और भविष्य को लेकर अंतिम फैसला आने में अभी और समय लग सकता है।






