|

डिंडोरी में 50 ट्रक धान बारिश से हुई खराब: विधायक ने सरकारी राशि के नुकसान पर उठाए सवाल; कहा- धान को खुले में रखना उचित नहीं

डिंडोरी। जिले में 50 ट्रक धान बारिश में खराब हो गई। शहपुरा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे और जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते ने अमरपुर जनपद पंचायत के सिधौली गांव स्थित धान के ओपन कैंप का निरीक्षण किया। निरीक्षण का वीडियो भी सामने आया है।

बारिश में भीगती मिली धान
विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने बताया कि शुक्रवार को वे समर्थकों के साथ अमरपुर जनपद पंचायत के सिधौली गांव में जन विश्वास अभियान में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में धान का ओपन कैंप दिखाई दिया। वे मौके पर रुके और कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान करीब 50 ट्रक धान खुले में बारिश में भीगती मिली। इससे अधिक मात्रा में धान पॉलीथीन के अंदर पैक थी, लेकिन खुले में रखी धान को लेकर उन्होंने चिंता जताई।

सरकारी राशि के नुकसान पर उठाए सवाल
विधायक ने कहा कि किसानों से खरीदी गई धान को इस तरह खुले में असुरक्षित रखना उचित नहीं है। बारिश के कारण धान खराब होने से शासन के लाखों रुपए का नुकसान हो सकता है। उन्होंने धान को समय पर मिलिंग के लिए नहीं भेजे जाने को लेकर भी सवाल उठाए।

अधिकारियों से चर्चा करने की बात
ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि धान को खुले में रखने और मिलिंग के लिए नहीं भेजे जाने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने व्यवस्था में सुधार और धान को सुरक्षित रखने की जरूरत बताई। इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों का पक्ष सामने नहीं आया है।

Share