रीवा से कोलकाता के लिए विमान ने भरी उड़ान: डिप्टी सीएम ने किया शुभारंभ; डेढ़ घंटे में पहुंचेगा भोपाल

रीवा। आज से कोलकाता के लिए सीधी फ्लाइट मिलेगी। कोलकात्ता उड़ कर प्लेन रीवा पहुंचा। जहां औपचारिक शुभारंभ के बाद भोपाल के लिए रवाना हुआ। शुभारंभ के दौरान उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, मंत्री प्रतिमा बागरी, रीवा सतना सांसद, पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह, विधायक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

35 हजार से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर
रीवा एयरपोर्ट से 10 नवंबर 2025 को पहली बार 72 सीटर विमान ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। इसके बाद 22 दिसंबर 2025 से रीवा-इंदौर और मार्च 2026 में रीवा-रायपुर हवाई सेवा शुरू हुई। एयरपोर्ट से अब तक 35 हजार से ज्यादा यात्री हवाई सफर कर चुके हैं। लगातार नई उड़ानों के जुड़ने से विंध्य क्षेत्र की देश के प्रमुख शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।

भोपाल और कोलकाता से जुड़ा रीवा
नई सेवा शुरू होने के बाद अब रीवा से भोपाल और कोलकाता की सीधी हवाई कनेक्टिविटी भी उपलब्ध हो गई है। इससे यात्रियों को राजधानी भोपाल और पूर्वी भारत के प्रमुख महानगर कोलकाता तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

डिप्टी सीएम बोले- एयरपोर्ट का लगातार हो रहा विस्तार
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि रीवा एयरपोर्ट का लगातार विस्तार हो रहा है। पहले रीवा से दिल्ली, इंदौर और रायपुर के लिए हवाई सेवा शुरू हुई और अब भोपाल व कोलकाता के लिए भी सुविधा उपलब्ध हो गई है।उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रीवा को मुंबई से जोड़ना अगला लक्ष्य होगा। इसके लिए हवाई कनेक्टिविटी के विस्तार पर लगातार काम किया जा रहा है।

रीवा के विकास को मिलेगी रफ्तार
रीवा से लगातार नए शहरों के लिए हवाई सेवा शुरू होने से व्यापार, शिक्षा, चिकित्सा और पर्यटन के क्षेत्र में भी फायदा मिलने की उम्मीद है। एयर कनेक्टिविटी बेहतर होने से विंध्य क्षेत्र के लोगों को बड़े शहरों तक पहुंचने के लिए लंबी सड़क या रेल यात्रा पर निर्भरता कम होगी।