|

धरमपुरी थाने में महिला ने खुद को आग लगाई: 13% जली; बचाने में SI समेत दो पुलिसकर्मी भी झुलसे

धार। धरमपुरी विधानसभा से भाजपा विधायक कालू सिंह ठाकुर से जुड़े विवादों के बाद चर्चा में आई दीपिका ठाकुर एक बार फिर विवादों में आ गई है।

रविवार को पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर धरमपुरी थाने पहुंची महिला ने पुलिसकर्मियों से विवाद और अभद्रता की। इसके बाद उसने थाने परिसर में खुद को आग लगा ली।

उसे बचाने के दौरान सब इंस्पेक्टर अतुल जोशी समेत एक अन्य पुलिसकर्मी भी झुलस गए। घटना के बाद उसे तुरंत धरमपुरी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया।

इंदौर रेफ़र किया 
प्राथमिक उपचार के बाद दीपिका को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला करीब 13 प्रतिशत झुलसी है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

पहले भी कर चुकी है सुसाइड की कोशिश 
मामले की जानकारी मिलने पर धार पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा और एडिशनल एसपी विजय डावर भी मौके पर पहुंचे। एडिशनल एसपी ने बताया कि महिला पूर्व में भी अलग-अलग स्थानों पर सुसाइड की कोशिश कर चुकी है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज 
पुलिस ने दीपिका के पति काशिफ के खिलाफ रोजनामचा रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अब थाने परिसर में हुए पूरे घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

Share