|

एकलव्य स्कूल के सैकड़ों बच्चे पैदल निकले: 10 किमी चल चुके; कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े

बड़वानी। जामली स्थित एकलव्य आदर्श विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपनी समस्याओं को लेकर पैदल बड़वानी के लिए रवाना हो गए हैं। वे कलेक्टर जयंती सिंह से मुलाकात करना चाहते हैं।छात्र-छात्राओं का आरोप है कि स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। उन्हें जातिसूचक शब्दों से भी प्रताड़ित किया जाता है।

10 किमी पैदल चल चुके बच्चे
छात्र-छात्राओं का पैदल मार्च करीब 10 किलोमीटर तक पहुंच चुका है। सूचना मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सेंधवा एसडीएम और एसडीओपी ने बच्चों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनने की बात कही। हालांकि, छात्र-छात्राएं कलेक्टर से मिलने की मांग पर अड़े हुए हैं।

स्वास्थ्य टीम और पुलिस मौके पर
बच्चों की संख्या और लगातार पैदल चलने को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया है। सेंधवा SDM आशीष के निर्देश पर टीम ने मोर्चा संभाला। सुरक्षा के लिए सेंधवा ग्रामीण और नागलवाड़ी थाना पुलिस भी बच्चों के साथ मौजूद है।

प्रशासन लगातार बच्चों को समझाने का प्रयास कर रहा है। फिलहाल छात्र-छात्राएं अपनी मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। वे बड़वानी पहुंचकर कलेक्टर से मुलाकात करना चाहते हैं।

Share