धार में उमंग सिंघार ने गणेश समितियों को बांटी प्रतिमाएं: बाग-टांडा में दिखा उत्साह; बोले- युवाओं के भविष्य और रोजगार की आवाज है ‘छात्रों की गूंज’

धार। नेता प्रतिपक्ष एवं गंधवानी विधायक उमंग सिंघार ने गंधवानी विधानसभा क्षेत्र में लगातार तीसरे दिन गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम किया। उन्होंने बाग ब्लॉक और टांडा क्षेत्र की विभिन्न गणेश उत्सव समितियों को भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं भेंट कीं। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया।
खेड़ी बुजुर्ग में सड़क निर्माण का भूमिपूजन
उमंग सिंघार ग्राम पंचायत खेड़ी बुजुर्ग स्थित बाबा खाटूश्याम मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में दर्शन-पूजन किया। क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने बाबा खाटूश्याम मंदिर मार्ग के सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के आस्था के केंद्रों को बेहतर सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।
गंधवानी विधानसभा के विकास को भी लगातार गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, आवागमन और मूलभूत सुविधाओं का विकास जारी रहेगा। धार्मिक आस्था के साथ इन क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।

बोले- किसान परेशान, महंगाई ने बढ़ाई मुश्किल
विधायक उमंग सिंघार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में किसान परेशान हैं। किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। खाद और बिजली की व्यवस्था भी ठीक नहीं है। उन्होंने महंगाई को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
सिंघार ने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने के बाद शक्कर फैक्ट्रियों ने इथेनॉल बनाना शुरू किया। इसके कारण शक्कर की कीमत 80 रुपए किलो तक पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि हर तरह की वस्तुओं की कीमत बढ़ी है। महंगाई ने आम आदमी की मुश्किल बढ़ा दी है। इसके बावजूद डबल इंजन की सरकार के नेता चुप बैठे हैं।

बाग में आधुनिक स्टेडियम को मंजूरी
उमंग सिंघार ने बताया कि बाग में युवा खिलाड़ियों के लिए आधुनिक स्टेडियम बनाने की मंजूरी उन्होंने दिलवाई है। जल्द ही टेंडर जारी किया जाएगा। इसके बाद स्टेडियम का निर्माण शुरू होगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी सहित कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

बोले- युवाओं के भविष्य और रोजगार की आवाज है ‘छात्रों की गूंज’
राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर मीडिया से चर्चा में उमंग सिंघार ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ युवाओं के भविष्य, रोजगार और उनके हक की आवाज है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, शिक्षक अभ्यर्थियों की मांग, PESA मोबिलाइजर्स के अधिकार, रोजगार और निवेश जैसे मुद्दों को लेकर प्रदेश का युवा अपनी आवाज उठा रहा है। सिंघार ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। रोजगार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों को लेकर कांग्रेस उनकी आवाज उठाती रहेगी।