| |

धार के धरमपुरी में फर्नीचर की बिल्डिंग में लगी आग: फायर ब्रिगेड और पुलिस पहुंची; पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था

धार। धरमपुरी स्थित राज इलेक्ट्रॉनिक्स एवं फर्नीचर की तीन मंजिला इमारत में शनिवार को अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। घटना के समय इमारत में एक पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई लोग अंदर मौजूद थे। आग की लपटें उठते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद स्थानीय युवकों ने साहस का परिचय देते हुए सीढ़ियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया।

फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही धरमपुरी नगर परिषद की फायर ब्रिगेड और धरमपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद इमारत में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

आग पर काबू पाने का प्रयास जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने और नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा।

Share