धार में बच्चों से भरी स्कूल बस का एक्सीडेंट: यात्री बस ने मारी टक्कर; एक बच्ची और 18 सवारी घायल

धार। नौगांव थाना क्षेत्र के उटावद-पीपलखेड़ा मार्ग पर बच्चों से भरी एक स्कूल बस और यात्री बस के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। जिसमें स्कूल में सवार 3 बच्चे और यात्री बस के 18 लोग घायल हो गए है। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जिला भोज अस्पताल और निजी अस्पतालों में भेजा गया।
घटना से जुड़ी 5 तस्वीरें:





ओवरटेक करने के कारण हुई दुर्घटना
घटना सुबह 9 बजे की है। ग्राम पिपलखेडा के पास प्राइवेट बस क्रमांक एमपी-11 जेडएफ-3137 ने गौतम स्कूल की बस क्रमांक एमपी-11 पी-0311 को टक्कर मार दी। ओवरटेक करने के कारण दुर्घटना हुई। हादसे के दौरान बस का अगला हिस्सा पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्कूली बच्चों और सवारियों को चोट आई हैं।

ग्रामीणों ने की मदद
क्षेत्र के ग्रामीण मदद के लिए आगे आए। बसों से घायलों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस सहित एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत धार अस्पताल भेजा गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया व सात घायलों को भर्ती कर लिया गया।

पीछे से मारी स्कूल बस को टक्कर
ग्रामीण सतीश चौहान के अनुसार इंदौर की ओर जाने वाले मार्ग पर स्कूल बस और एक ट्रक आगे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही निजी बस ने स्कूल बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। ओवरटेक के दौरान पर्याप्त जगह नहीं बचने से निजी बस स्कूल बस के पीछे जा भिड़ी। टक्कर के कारण दोनों बसों में सवार कई लोगों को चोटें आईं।
घायलों की हालत सामान्य
हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, एसपी सचिन शर्मा भी अस्पताल पहुंचे व घायलों से हादसे को लेकर चर्चा की। बताया जा रहा हैं, कि निजी यात्री बस ओम साई राम तेजगति में फोरलेन पर चल रही थी, हादसे के दौरान स्कूली बस को ओवरटेक करने के कारण हादसा हुआ है।

इन लोगों को आई चोट
हादसे में पार्वती उम्र 35 साल, पायल उम्र 25 साल, वीना उम्र 65 साल, महिमा उम्र 14 साल, ललिता उम्र 45 साल, पार्वती उम्र 38 साल, प्रिया उम्र 45 साल, सोनु उम्र 29 साल, बद्रीलाल उम्र 35 साल, अंजलि उम्र 20 साल, पलक उम्र 28 साल, कुसुम उम्र 40 साल, अनिल उम्र 27 साल, विजय उम्र 46 साल, सिखा उम्र 34 साल, गगनबाई उम्र 40 साल, सुभाष उम्र 78 साल, जितेंद्र उम्र 38 साल, आशा उम्र 28 साल कुल 19 लोगों को चोट आई है।

परिजन पहुंचे अस्पताल
दुर्घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में घबराए हुए बच्चों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। जिन्हें अधिकारियों और डॉक्टरों ने ढांढस बंधाया। बच्चों की सुरक्षा का आश्वासन दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाया।
स्कूल की बच्ची को इंजरी आई
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन मुकुंद बर्मन ने बताया कि हादसे के बाद कुल 19 मरीजों को अस्पताल लाया गया है। इनमें 15 महिलाएं, एक स्कूल की बच्ची और 3 पुरुष शामिल हैं। सभी को माइनर इंजरी हुई है और उनका उपचार किया जा रहा है।

दोषियों पर कार्रवाई होगी
धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने बताया कि हमें सुबह हादसे की सूचना मिली थी। ओवरटेक करने के कारण यह टक्कर हुई। यात्रियों और बच्चों को चोटें आई है। सभी की प्राथमिक जांच जारी है। कारणों की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।