देवास में सड़क पर दुकान लगाने को लेकर विवाद: वेंडिंग जोन बनाने की उठी मांग; तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

देवास । हाटपीपल्या में भगत सिंह चौराहे के ठेला और रेहड़ी व्यवसायियों ने अपनी रोजी-रोटी और स्थान आवंटन की समस्याओं को लेकर तहसील कार्यालय पहुंचकर तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपा है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस प्रशासन द्वारा बार-बार स्थान बदलने के दबाव के कारण उनका व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
व्यापारियों की मांग और वेंडिंग ज़ोन बनाने पर जोर
भगत सिंह चौराहे के आसपास फल और सब्जी बेचकर अपने परिवार का जीविकोपार्जन करने वाले व्यवसायियों ने मांग की है कि चौराहे पर किसी उपयुक्त खाली स्थान को चिह्नित कर ‘वेंडिंग ज़ोन’ घोषित किया जाए। साथ ही, सभी छोटे व्यापारियों को एक निश्चित स्थान आवंटित किया जाए, जिससे चौराहे की यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे और आम जनता को आवागमन में कोई असुविधा न हो।
तहसीलदार के निर्देश और जनप्रतिनिधियों के बयान
ज्ञापन स्वीकार करते हुए तहसीलदार दीपाली जाधव ने नगर परिषद के मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) को निर्देशित किया कि वे उचित स्थल का चयन कर दुकानों व ठेलों को व्यवस्थित करें। जनप्रतिनिधि राजवीर सिंह सेंधव ने कहा कि व्यापारी लंबे समय से स्थान परिवर्तन के दबाव से परेशान हैं।
तहसीलदार के लिखित निर्देश से उन्हें राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि अरुण राठौर ने बताया कि पूर्व में चौराहे के चौड़ीकरण के समय ही व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान दिया जा चुका है। उन्होंने अपील की है कि नगर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापारी तय किए गए स्थान पर ही अपनी दुकानें लगाएं।