देवास का जर्जर सरकारी स्कूल 6 लाख में नीलाम: नए भवन के लिए छात्रों ने किया था चक्काजाम; अब बनेगी नई बिल्डिंग

देवास। हाटपिपलिया के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के जर्जर हो चुके पुराने भवन की नीलामी प्रक्रिया आखिरकार पूरी कर ली गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित इस खुली नीलामी में खंडवा निवासी मोहम्मद इमरान चौहान ने ₹6,11,000 (छह लाख ग्यारह हजार रुपये) की सर्वोच्च बोली लगाकर यह नीलामी अपने नाम की।
कभी हो सकता था हादसा
विद्यालय का पुराना भवन अत्यंत खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुका था, जिसके चलते यहां हादसों का अंदेशा लगातार बना रहता था। अभिभावक, स्थानीय नागरिक और छात्र लंबे समय से इस जर्जर ढांचे को हटाकर नए और सर्वसुविधायुक्त भवन के निर्माण की मांग कर रहे थे।
छात्रों ने किया था प्रदर्शन
सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक माहौल की मांग को लेकर पूर्व में छात्रों ने नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग को लेकर सड़कों पर उतरकर चक्काजाम और जोरदार प्रदर्शन किया था। इस आंदोलन के बाद ही प्रशासन हरकत में आया और पुरानी जर्जर इमारत के निस्तारण की दिशा में कदम बढ़ाया।
नए भवन का होगा निर्माण
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, नीलामी प्रक्रिया संपन्न होने और पुराने ढांचे को हटाए जाने के बाद अब परिसर में नए और अत्याधुनिक स्कूल भवन के निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। इस कदम से क्षेत्र के सैकड़ों विद्यार्थियों और अभिभावकों को बड़ी राहत मिली है।