| |

देवास में बच्चों से स्कूल में काम कराने पर शिकायत: प्रिंसिपल को कारण बताओ नोटिस जारी; श्रम विभाग की टीम करेगी जांच

देवास। बागली जनपद शिक्षा केंद्र के ग्राम भीकुपुरा स्थित शासकीय प्राइमरी स्कूल में स्टूडेंट्स से काम कराने की शिकायत के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है। कलेक्टर गंभीरता से लिया है। कलेक्टर ने श्रम विभाग की टीम को मौके पर भेजकर जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच में स्टूडेंट्स  से नियम विरुद्ध काम कराने की पुष्टि हुई तो दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार पर भी कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ठेकेदार का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।

प्रिंसिपल को भेजा नोटिस
बीआरसी बागली ने स्कूल के प्रिंसिपल हुकुमचंद परमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। प्रिंसिपल ने विभाग को अपना जवाब दे दिया है। उन्होंने कहा है कि 20 अगस्त को कक्षा 5 के स्टूडेंट्स के साथ पर्यावरण अध्ययन विषय की शैक्षणिक गतिविधि कराई गई थी। इसका उद्देश्य स्टूडेंट्स  को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।

इसके तहत स्कूल परिसर में क्यारियां तैयार कराई गई थीं। 21 अगस्त को इनमें पौधे लगाए गए। प्रिंसिपल का कहना है कि इस गतिविधि को गलत तरीके से पेश किया गया है।

विभागीय स्तर पर होगी जांच 
बीआरसी बुरहान बोहरा ने बताया कि प्रिंसिपल का जवाब मिल गया है। अब विभागीय जांच दल गठित किया जा रहा है। जांच दल स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी जुटाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि स्टूडेंट्स  से कराई गई गतिविधि शैक्षणिक उद्देश्य से थी या उनसे नियम विरुद्ध श्रम कराया गया था।

Share