|

दिल्ली में छठी क्लास की बच्ची से रेप: रात में नोटबुक खरीदने निकली थी; 56 साल का आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। दिल्ली के सदर बाजार में 10 साल की बच्ची से रेप का मामला सामने आया है। घटना 16 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में 56 साल के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

बच्ची रात करीब 11 बजे नोटबुक और पेन खरीदने घर से निकली थी। आरोप है कि दुकानदार उसे बहला-फुसलाकर पास की दुकान में ले गया। वहां बच्ची को बांधकर उसका यौन शोषण किया गया। आरोपी की पहचान मकसूद के रूप में हुई है।

PCR कॉल के बाद पुलिस पहुंची
पुलिस को 16 सितंबर की रात करीब 11 बजे नाबालिग से यौन शोषण की PCR कॉल मिली थी। इसके बाद सदर बाजार थाना, ACP सदर बाजार और महिला थाना पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। बच्ची की शिकायत के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के महिला थाने में केस दर्ज किया गया। मामले में रेप, पॉक्सो एक्ट और गलत तरीके से बंधक बनाने से जुड़ी धाराएं लगाई गई हैं।

आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है। बच्ची की पहचान कानूनी नियमों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।

दिल्ली में नाबालिगों के यौन शोषण के मामले
NCRB की 2024 की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में नाबालिगों के यौन शोषण के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार, 2024 में दिल्ली में ऐसे मामलों का औसत रोज करीब 3 था। हालांकि, 2025 की NCRB रिपोर्ट अभी जारी नहीं हुई है।

8 दिन पहले नाबालिग से गैंगरेप और हत्या का मामला
इससे पहले दिल्ली के स्वरूप नगर में एक नाबालिग से गैंगरेप और हत्या का मामला सामने आया था। 13 सितंबर की सुबह पुलिस को कुशक रोड पर जयपाल राणा के खेत के पास खुले मैदान में बच्ची का शव मिला था।

पुलिस ने मामले की जांच के दौरान 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। वारदात से जुड़े बताए जा रहे एक टेंपो का भी पता लगाया गया। पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन नाबालिग हैं।

Share