| | | |

DAVV में चैनल गेट तोड़कर घुसे छात्र: छात्रसंघ चुनाव को लेकर निकाली साइकिल यात्रा; कुलपति से की मुलाकात

इंदौर। लंबे समय से रुका हुआ छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर बुधवार को IPS कॉलेज के LLB छात्र नेता वीरेंद्र गुर्जर के नेतृत्व में साइकिल यात्रा निकाली गई। यात्रा IPS कॉलेज से शुरू होकर RNT मार्ग स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय पहुंची। इसमें विभिन्न कॉलेजों के छात्रसंघ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र शामिल हुए।

सितंबर में चुनाव कराने की मांग
साइकिल यात्रा के बाद छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और कुलपति को ज्ञापन सौंपा। छात्र नेता वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग छात्रसंघ चुनाव की तारीख जल्द घोषित करने और सितंबर महीने में ही चुनाव कराने की है।

छात्र नेताओं ने कहा कि चुनाव लंबे समय से लंबित हैं और अब छात्रों की मांग को और नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से जल्द चुनाव कार्यक्रम घोषित करने की मांग की।

नारेबाजी के बीच मेन गेट गिरा
प्रदर्शन के दौरान छात्र विश्वविद्यालय परिसर के गेट पर नारेबाजी कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों के धक्के से विश्वविद्यालय परिषद का मुख्य गेट गिर गया। छात्र नेताओं ने इसे तोड़फोड़ की कोशिश से इनकार करते हुए कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण था और गेट नारेबाजी के दौरान धक्का लगने से गिरा।

कुलपति से मुलाकात के बाद खत्म हुआ प्रदर्शन
छात्र नेताओं के मुताबिक काफी देर तक विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी उनसे मिलने नहीं पहुंचा। बाद में कुलपति ने छात्र नेताओं से मुलाकात की और उनका ज्ञापन लिया। सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने के संबंध में आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।

चुनाव की घोषणा नहीं हुई तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी
वीरेंद्र गुर्जर ने कहा कि छात्र शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते चुनाव की घोषणा नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

साइकिल यात्रा और प्रदर्शन में आईपीएस कॉलेज सहित विभिन्न कॉलेजों के छात्रसंघ नेता और सैकड़ों छात्र शामिल हुए। छात्रों ने एक स्वर में सितंबर में छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग रखी।

अब छात्रों की नजर विश्वविद्यालय प्रशासन के आश्वासन पर है कि सितंबर में छात्रसंघ चुनाव को लेकर आधिकारिक घोषणा कब की जाती है।

Share