| |

दतिया उपचुनाव में राजेंद्र भारती ने किया किनारा; कांग्रेस आलाकमान से बोले – मेरे परिवार के जगह किसी और को मिले मौका मिले

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से राजेंद्र भारती ने किनारा कर लिया है। भारती ने कांग्रेस आलाकमान को कहा है कि पार्टी यहां से किसी अन्य को उम्मदीवार बनाएं उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। दतिया उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 जुलाई है। इसके बावजूद अब तक न तो भाजपा और न ही कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार की आधिकारिक घोषणा की है।

कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने पार्टी हाईकमान से कहा है कि यदि पार्टी चाहे तो उनके परिवार के बजाय किसी अन्य नेता को उम्मीदवार बनाया जा सकता है। भारती ने आगे यह भी कहा कि पार्टी जिस भी प्रत्याशी को मैदान में उतारेगी, वह उसके समर्थन में पूरी ताकत से चुनाव प्रचार करेंगे। प्रदेश प्रकाश से बात करते हुए राजेंद्र भारती ने बताया कि उन्होंने पार्टी नेतृत्व से आग्रह किया है कि उन्हें टिकट देना आवश्यक नहीं है। यदि पार्टी किसी अन्य योग्य नेता को उम्मीदवार बनाती है तो भी वे तन, मन और धन से उसके लिए काम करेंगे और उसकी जीत सुनिश्चित करने का पूरा प्रयास करेंगे। राजेंद्र भारती ने आगे कहा कि मैंने ओर परिवार ने अब फैसला पार्टी नेताओं पर छोड़ दिया है। पार्टी से हमनें यह कहा है कि हमारा लडऩा बहुत जरूरी नहीं है। पार्टी को और अच्छा कोई कैंडिडेट मिलता है तो आप उसे लड़ाइये मैरा ओर परिवार को उसे पूरा सपोर्ट रहेगा। लेकिन पार्टी अगर मैंरे परिवार से किसी को उम्मीदवार बनाती है तो हम चुनाव लड़ेंगे, पूरा फैसला हमनें पार्टी पर छोड़ दिया है।

अवधेश नायक और घनश्याम सिंह कर रहे दावेदारी

राजेंद्र भारती और उनके परिवार के दावेदारी से पीछे हटने के बाद कांग्रेस में अब दो नाम प्रमुख रूप से रेस में आगे चल रहे हैं। इनमें पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व उपाध्यक्ष अवधेश नायक और दतिया से दो बार विधायक रह चुके घनश्याम सिंह प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पहले अवधेश नायक को उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, बाद में राजेंद्र भारती समर्थकों के विरोध को देखते हुए पार्टी ने टिकट बदलकर राजेंद्र भारती को प्रत्याशी बना दिया था। अब इस उपचुनाव में कांग्रेस किस नए चेहरे पर दांव लगाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। दूसरी तरफ भाजपा ने भी अभी तक अपने प्रत्याशी के नाम का खुलासा नहीं किया है, जिससे दतिया का सियासी मुकाबला बेहद रोचक मोड़ पर पहुंच गया है।

बीजेपी में नरोत्तम मिश्रा दावेदार

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- दतिया उपचुनाव में निश्चित रूप से भाजपा ही जीतेगी। इस सवाल पर कि क्या बीजेपी के उम्मीदवार नरोत्तम मिश्रा ही होंगे, विजयवर्गीय बोले- ये कहना अभी जल्दबाजी होगी। जो उम्मीदवार आएगा, आपको बताया जाएगा।

सपा भी उम्मीदवार उतारने की तैयारी में

दतिया उपचुनाव में समाजवादी पार्टी भी उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि पार्टी के पास कई नेताओं ने चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है और मजबूत उम्मीदवार के चयन पर विचार किया जा रहा है। इंडिया गठबंधन में शामिल होने के बावजूद कांग्रेस के खिलाफ उम्मीदवार उतारने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई निर्देश नहीं मिले हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा के बाद पार्टी अंतिम निर्णय लेगी, लेकिन फिलहाल सपा पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ने की तैयारी में है। बहुजन समाज पार्टी फिलहाल दतिया उपचुनाव को लेकर वेट एंड वॉच की स्थिति में है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत पिप्पल ने कहा कि पार्टी उम्मीदवार उतारेगी या नहीं, इस पर राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती से चर्चा के बाद निर्णय लिया जाएगा।

उपचुनाव से पहले 200 हिस्ट्रीशीटरों की परेड

दतिया में पुलिस ने अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती बढ़ा दी है। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थानों में एक साथ कार्रवाई करते हुए 200 हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों को तलब कर उनकी परेड कराई गई। वहीं 150 नए गुंडे-बदमाशों को चिह्नित कर उनके खिलाफ गुंडा एवं निगरानी संबंधी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसी बीच आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद चेकिंग के दौरान 19 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। जिसकी जांच अब आयकर विभाग करेगा।

Share