मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली ब्लास्ट पीड़ितों को दी श्रद्धांजलि, जंबूरी मैदान में रखा 2 मिनट का मौन

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिल्ली में हुए विस्फोट में दिवंगत लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने आज जंबूरी मैदान में आयोजित संयुक्त सरपंच मोर्चा सम्मेलन में भाग लेते हुए पीड़ितों की याद में 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और देशवासियों के लिए पीड़ा का विषय है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरा मध्यप्रदेश उनके साथ खड़ा है।
कार्यक्रम के दौरान मंच पर मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और सरपंचों ने भी मौन रखकर मृतकों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कठिन समय में हमें एकजुट होकर समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश देना चाहिए।
डॉ. यादव ने दोहराया कि राज्य सरकार दिल्ली विस्फोट की घटना को लेकर पूरी तरह सतर्क और संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं ताकि जनता का विश्वास और शांति बनी रहे।
मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित यह श्रद्धांजलि सभा न केवल एक औपचारिकता थी, बल्कि एकजुटता और मानवीय संवेदना का प्रतीक बन गई।






