|

प्रधानमंत्री मोदी से मिले सीएम मोहन यादव, किसान कल्याण वर्ष की गतिविधियों से कराया अवगत

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई और मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं एवं पहलों के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को वर्ष 2026 को मध्य प्रदेश में ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य कृषि विकास को बढ़ावा देना और किसानों की आय में वृद्धि करना है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी इस मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत प्रदेश में कृषि, पशुपालन, मछली पालन और बागवानी सहित लगभग 16 विभागों को जोड़कर समन्वित रूप से कार्य किया जा रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ किसानों को नई योजनाओं और सुविधाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने प्रदेश सरकार के इन प्रयासों की सराहना की और आगे भी इसी दिशा में कार्य करने का मार्गदर्शन दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से निवेश, रोजगार और किसान कल्याण के क्षेत्र में सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।

नई दिल्ली प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संसद भवन का भी भ्रमण किया और विभिन्न सांसदों से मुलाकात कर मध्य प्रदेश के विकास, केंद्र-राज्य समन्वय और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

Share

Similar Posts