मुख्यमंत्री बनते ही जोसेफ विजय का बड़ा ऐलान: तमिलनाडु के हर घर को 200 यूनिट मुफ्त बिजली

तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) प्रमुख और तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद बड़ा चुनावी वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया। मुख्यमंत्री पद संभालते ही विजय ने राज्य के हर घर को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने वाली फाइल पर हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल ‘सिंगप्पेन स्पेशल टास्क फोर्स’ के गठन को मंजूरी देने वाली फाइल पर भी हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री विजय ने तमिलनाडु सचिवालय में कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले घरेलू उपभोक्ताओं को हर दो महीने में 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की योजना को स्वीकृति दी। इसके अलावा नशा विरोधी अभियान और मादक पदार्थों की रोकथाम से जुड़ी फाइलों पर भी हस्ताक्षर किए गए।
इससे पहले रविवार सुबह चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में आयोजित भव्य समारोह में विजय ने तमिलनाडु के 13वें मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। शपथ ग्रहण समारोह के दौरान समर्थकों और कार्यकर्ताओं के नारों से पूरा स्टेडियम गूंज उठा। इस अवसर पर विजय के पिता और निर्देशक एस. ए. चंद्रशेखर तथा उनकी मां शोभा भावुक नजर आए। समारोह में फिल्म जगत की हस्तियां, परिवार के सदस्य और गठबंधन दलों के नेता भी शामिल हुए।
गौरतलब है कि आमतौर पर मुख्यमंत्री पद संभालने वाले नेता सचिवालय जाकर फाइलों पर हस्ताक्षर करते हैं, लेकिन विजय ने जनता के सामने ही अपनी पहली सरकारी फाइलों पर हस्ताक्षर कर अलग संदेश देने की कोशिश की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि “मुझे गरीबी और भूख का दर्द पता है, क्योंकि मैं किसी राजघराने से नहीं आया हूं, मैं आपमें से ही एक हूं।”
मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि वह जनता का ऋण चुकाने के लिए राजनीति में आए हैं और लोगों के भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने, पारदर्शिता के साथ सरकार चलाने और झूठे वादे न करने का भी भरोसा दिलाया।
उल्लेखनीय है कि TVK ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि कांग्रेस, वीसीके और वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा पार किया। मुख्यमंत्री विजय ने सरकार गठन में सहयोग देने के लिए सभी सहयोगी दलों का आभार व्यक्त किया।






