क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क की गोलमेज बैठक आज भोपाल में, ग्रीन एनर्जी जोन पर बनेगा रोडमैप

क्लाइमेट पार्लियामेंट मध्य प्रदेश नेटवर्क द्वारा सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन (सीजीईजेड) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आज भोपाल में एक महत्वपूर्ण गोलमेज बैठक आयोजित की जा रही है। यह बैठक शाम 7:00 बजे से 9:00 बजे तक ताज लेकफ्रंट होटल में होगी, जिसमें नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला भी शामिल होंगे।
जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने के अनुसार, इस बैठक का उद्देश्य राज्य और देश के जलवायु लक्ष्यों की प्राप्ति, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर स्वच्छ एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इसी दिशा में सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन की अवधारणा विकसित की गई है, जिसका लक्ष्य प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय आधारित, विकेन्द्रीकृत और सतत ऊर्जा समाधान लागू करना है।
सीजीईजेड मॉडल के तहत स्थानीय लोगों को सीधे लाभ, रोजगार के अवसर और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जाएगा। इसके माध्यम से हरित, आत्मनिर्भर और जलवायु-उत्तरदायी क्षेत्रों के विकास की दिशा में काम किया जाएगा। बैठक में विधानसभा स्तर पर इसके क्रियान्वयन के लिए सहभागी रोडमैप तैयार करने पर विस्तृत चर्चा होगी।
अधिकारियों के अनुसार, जाम्बिया में हाल ही में घोषित प्रेसिडेंशियल सोलर कन्स्टिट्युएंसी (पीएससीआई) पहल का उदाहरण भी बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा। इस मॉडल में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के जरिए सौर ऊर्जा विस्तार का सफल प्रयास किया गया है। मध्य प्रदेश में भी इसी तरह विधायकों की सहभागिता से ग्रीन एनर्जी जोन को प्रभावी रूप से लागू करने की योजना बनाई जा रही है।
इस गोलमेज बैठक में विधायकगण, विभागीय अधिकारी, ऊर्जा विशेषज्ञ और नीति-निर्माता भाग लेंगे। साथ ही जाम्बिया की पीएससीआई पहल पर एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि जनप्रतिनिधियों और तकनीकी विशेषज्ञों की संयुक्त भागीदारी से यह मॉडल राज्य में स्वच्छ ऊर्जा और सतत विकास की दिशा में एक बड़ा कदम साबित हो सकता है।
कुल मिलाकर, यह पहल मध्य प्रदेश में हरित विकास, ऊर्जा आत्मनिर्भरता और जलवायु परिवर्तन से निपटने की रणनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






