दिल्ली के चांद बाग में आग: बहुमंजिला इमारत में हादसा, कई लोग सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चांद बाग इलाके में रविवार तड़के एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग ग्राउंड फ्लोर की पार्किंग में खड़े दो स्कूटर और एक मोटरसाइकिल में लगी, जिसके बाद पूरे भवन में तेजी से धुआं फैल गया।
घटना दयालपुर थाना क्षेत्र की है। दमकल विभाग को रात करीब 2:30 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग की गंभीरता को देखते हुए इसे 2:56 बजे ‘मेक-4’ घोषित किया गया और अतिरिक्त गाड़ियां रवाना की गईं। कुल 11 दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, इमारत ग्राउंड प्लस पांच मंजिल की है और लगभग 50 वर्ग गज क्षेत्र में बनी है। आग से उठे घने धुएं ने ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई लोग फंस गए।
धुएं से घबराकर पहली मंजिल पर मौजूद चार लोगों—निकहत (22), राशिदा (50), सोनी (25) और दो वर्षीय आशिफ—ने जान बचाने के लिए छलांग लगा दी। उन्हें तुरंत जग प्रवेश चंद अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
वहीं दमकल कर्मियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाते हुए दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल से चार अन्य लोगों—सुवेद (12), दुर्वेद (10), आरिफा (28) और फराह (14)—को सुरक्षित बाहर निकाला। चौथी मंजिल से एक बच्चे को भी सकुशल रेस्क्यू किया गया।
करीब सुबह 6:20 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया और सभी दमकल गाड़ियां वापस लौट गईं। एडीओ दीपक हुड्डा के नेतृत्व में बचाव कार्य संचालित किया गया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण पार्किंग में खड़े वाहनों से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।






