| |

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली कार विस्फोट आतंकी हमले की निंदा की, पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इस हमले में मारे गए निर्दोष लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए मंत्रिमंडल ने उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखा। बैठक के दौरान सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के प्रति अपने अटूट संकल्प को दोहराया।

बैठक के बाद केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मंत्रिमंडल ने इस हिंसक घटना को अमानवीय और कायराना बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार आतंकवाद के किसी भी रूप को सहन नहीं करेगी और दोषियों को जल्द न्याय के कठघरे में लाया जाएगा।

मंत्री वैष्णव ने बताया कि मंत्रिमंडल ने सुरक्षा एजेंसियों, पुलिस और स्थानीय नागरिकों की त्वरित और समन्वित प्रतिक्रिया की सराहना की, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में साहस और मानवता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियों को इस घटना की जांच अत्यंत गंभीरता से करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस हमले में शामिल आतंकियों, उनके सहयोगियों और षड्यंत्रकारियों की पहचान कर उन्हें सख्त सजा दी जा सके।

सरकार ने कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और राष्ट्रीय सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Share

Similar Posts