झांसी में पहली बार बुंदेलखंड पर्यटन हितधारक सम्मेलन, पर्यटन संभावनाओं पर मंथन शुरू

बुंदेलखंड क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झांसी में पहली बार बुंदेलखंड पर्यटन हितधारक सम्मेलन आयोजित किया गया। भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग के सहयोग से 7 से 9 मार्च तक झांसी और आसपास के पर्यटन स्थलों में इस सम्मेलन तथा फेमिलराइजेशन (FAM) टूर का आयोजन किया है।
सम्मेलन का शुभारंभ झांसी के नटराज सरोवर पोर्टिको होटल में हुआ, जिसमें लगभग 80 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में टूर ऑपरेटर, ट्रैवल एजेंट, टूर गाइड, होटल व्यवसायी, होमस्टे संचालक, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी और विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी शामिल हुए।
पर्यटन विकास पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। पर्यटन मंत्रालय के सहायक निदेशक संदीप शुक्ला ने प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए पर्यटन विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
वहीं उत्तर प्रदेश पर्यटन के क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी डी.के. शर्मा ने क्षेत्रीय आर्थिक विकास में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
बुंदेलखंड को पर्यटन सर्किट बनाने पर चर्चा
बुंदेलखंड ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिरुद्ध रावत ने बुंदेलखंड को एक प्रमुख पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के पर्यटन एवं होटल प्रबंधन संस्थान के विभागाध्यक्ष और डीन प्रो. देवेश निगम ने पर्यटन क्षेत्र में कौशल विकास और अकादमिक सहयोग की आवश्यकता पर जोर दिया।
पर्यटन मंत्रालय की योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्रालय के संयुक्त महानिदेशक एवं क्षेत्रीय निदेशक (उत्तर) अरुण श्रीवास्तव ने मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं और पहलों की जानकारी दी। उन्होंने पर्यटन को सतत और समावेशी विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस दौरान टूरिस्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर अवनीश कुमार ने पर्यटन मंत्रालय के NIDHI पोर्टल पर सेवा प्रदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया पर प्रस्तुति दी और हितधारकों को इसमें शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
फेम टूर के जरिए पर्यटन स्थलों का प्रचार
सम्मेलन के अंतर्गत तीन दिवसीय FAM टूर भी आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत प्रतिभागियों को झांसी और बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रमुख ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसका उद्देश्य इन पर्यटन स्थलों का व्यापक प्रचार-प्रसार करना है।
कार्यक्रम के अंत में टूरिस्ट इंफॉर्मेशन ऑफिसर संजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। इसके बाद आयोजित B2B नेटवर्किंग सत्र में पर्यटन हितधारकों और अधिकारियों ने संभावित सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।
इस अवसर पर चंद्र सोनी, विक्रम सबरवाल, पवन पटेल सहित कई पर्यटन विशेषज्ञ और अधिकारी उपस्थित रहे।






