प्रधानमंत्री मोदी बोले – बुद्ध के अवशेष शांति, करुणा और सद्भाव के शाश्वत संदेश के प्रतीक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत से भूटान की राजधानी थिम्पू पहुँचे भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों के प्रति भूटान की जनता और नेतृत्व द्वारा किए गए श्रद्धापूर्ण स्वागत की सराहना की है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा कि भगवान बुद्ध के ये अवशेष शांति, करुणा और सद्भाव के शाश्वत संदेश के प्रतीक हैं, जो मानवता के लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भगवान बुद्ध की शिक्षाएँ भारत और भूटान की साझा आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने इस अवसर पर दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंधों को और प्रगाढ़ बनाने की कामना की।
भूटान में बुद्ध अवशेषों के आगमन को लेकर विशेष धार्मिक समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों और भिक्षुओं ने पारंपरिक विधियों से अवशेषों का स्वागत किया। यह आयोजन भारत-भूटान के बीच सांस्कृतिक एकता और गहरे ऐतिहासिक संबंधों का प्रतीक माना जा रहा है।
बुद्ध के अवशेषों का यह दौरा दोनों देशों के बीच विश्वास, श्रद्धा और मानवीय मूल्यों की उस परंपरा को पुनर्जीवित करता है, जिसने सदियों से दक्षिण एशिया को आध्यात्मिक रूप से जोड़े रखा है।





