| | | | | |

कॉलेज स्टूडेंट्स से भरी बस हुई अनियंत्रित: जाम गेट के पास पत्थर से टकराई; खाईं में गिरने से बची

इंदौर। जाम गेट के पास कॉलेज स्टूडेंट्स से भरी बस अनियंत्रित हो गई। हादसे के बाद राहगीरों ने कॉलेज स्टूडेंट्स को बचाने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बस में सवार कॉलेज स्टूडेंट्स को बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि रास्ते में मौजूद पत्थरों के टीले ने बस को आगे बढ़ने से रोक दिया। इससे बस खाई में गिरने से बच गई।

प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बस जाम गेट से गुजर रही थी। मोड़ में बस का नियंत्रण बिगड़ गया और बस खाई की ओर जाने लगी। कुछ दूरी तक आगे बढ़ी और पत्थर के टीले से टकराकर रुक गई। यदि बस पत्थरों के टीलों से नहीं टकराती तो सीधे खाई में चली जाती।

पहले एक्सीडेंट के दौरान की देखें तस्वीरें…


राहगीरों ने शुरू किया रेस्क्यू
राहगीरों ने जैसे ही बस को अनियंत्रित होते देखा वह रुक गए। तत्काल राहत बचाव कार्य शुरू कर दिया। बस में फंसे कॉलेज स्टूडेंट्स को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। बताया गया कि बस में कुल 55 कॉलेज स्टूडेंट्स सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

राहगीरों की तत्परता से बचीं जिंदगी
जाम गेट के खतरनाक मोड़ पर हुए इस घटनाक्रम में राहगीरों की तत्परता से हादसा टल गया। बस अगर खाई में गिरती तो बड़ी संख्या में कॉलेज स्टूडेंट्स की जान जा सकती थी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। कॉलेज स्टूडेंट्स को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद स्थिति सामान्य हुई।

Share