बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ की रफ्तार पड़ी धीमी, फिर भी कमाई के आंकड़े दमदार

आइकॉनिक वॉर फिल्म बॉर्डर 2 इन दिनों सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी स्टारर इस फिल्म ने 23 जनवरी को रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त शुरुआत की थी। हालांकि लंबे वीकेंड के बाद वर्किंग डेज में फिल्म की कमाई की रफ्तार कुछ धीमी जरूर हुई है।
छठे दिन दिखा वीकडे इफेक्ट
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श के अनुसार, ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के छठे दिन 15.04 करोड़ रुपये का कारोबार किया। यह आंकड़ा पांचवें दिन की 22.31 करोड़ रुपये की कमाई से कम है, जिससे साफ तौर पर वीकडे इफेक्ट नजर आ रहा है। इसके बावजूद शुरुआती दिनों की जबरदस्त कमाई ने फिल्म को मजबूत स्थिति में बनाए रखा है।
फिल्म ने
पहले दिन: 32.10 करोड़ रुपये
दूसरे दिन: 40.59 करोड़ रुपये
तीसरे दिन: 57.20 करोड़ रुपये
चौथे दिन: 63.59 करोड़ रुपये
की कमाई की। छह दिनों में फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब करीब 231.83 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है।
कई बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे
छह दिनों के कलेक्शन के मामले में ‘बॉर्डर 2’ ने ‘छावा’, ‘सुल्तान’ और ‘टाइगर 3’ जैसी कई चर्चित फिल्मों के शुरुआती रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। अब फिल्म की नजर 250 करोड़ क्लब में शामिल होने पर टिकी हुई है।
फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि देशभक्ति और भावनात्मक कहानी के दम पर फिल्म अभी और लंबी रेस दौड़ सकती है। हालांकि आने वाले दिनों में बॉक्स ऑफिस पर इसे रानी मुखर्जी स्टारर मर्दानी 3 से मुकाबला करना होगा, जो 30 जनवरी को रिलीज होने जा रही है।
कुल मिलाकर, वीकडेज में आई हल्की गिरावट के बावजूद ‘बॉर्डर 2’ बॉक्स ऑफिस पर अब भी मजबूत पकड़ बनाए हुए है।






