Bill Gates नहीं देंगे ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ में कीनोट, Ankur Vora करेंगे संबोधित

Microsoft के सह-संस्थापक Bill Gates नई दिल्ली में आयोजित ‘India AI Impact Summit’ में अपना निर्धारित कीनोट भाषण नहीं देंगे। यह जानकारी Gates Foundation की ओर से जारी आधिकारिक बयान में दी गई।
फाउंडेशन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर स्पष्ट किया कि समिट की प्राथमिकताओं पर फोकस बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय “गहन विचार-विमर्श” के बाद लिया गया है। बयान के अनुसार, अफ्रीका एवं भारत कार्यालयों के अध्यक्ष Ankur Vora आज शिखर सम्मेलन में संगठन का प्रतिनिधित्व करते हुए संबोधन देंगे।
Bill & Melinda Gates Foundation के इंडिया कार्यालय की एक्स पोस्ट में कहा गया कि गेट्स अब इस समिट में अपना तय कीनोट नहीं देंगे, हालांकि फाउंडेशन भारत में अपने कार्यों के प्रति प्रतिबद्ध है।
उल्लेखनीय है कि बिल गेट्स के समिट से हटने के पीछे अमेरिकी अपराधी Jeffrey Epstein से जुड़े हालिया जारी दस्तावेजों में उनके नाम के उल्लेख को कारण बताया जा रहा है। एपस्टीन पर यौन अपराधों और नाबालिगों की तस्करी के गंभीर आरोप थे। हालांकि, इस संबंध में गेट्स या फाउंडेशन की ओर से सीधे तौर पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
‘India AI Impact Summit’ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के सामाजिक और विकासात्मक प्रभावों पर केंद्रित एक महत्वपूर्ण मंच है, जिसमें नीति-निर्माता, तकनीकी विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।






