| |

बिहार में नई सरकार के गठन पर तेज़ी से बढ़ी हलचल, एनडीए घटक दलों में लगातार मंथन जारी

बिहार में विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद नई सरकार के गठन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। एनडीए गठबंधन के पांच घटक दलों—भाजपा, जनता दल (यू), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा—के बीच सरकार के स्वरूप और मंत्रिमंडल के गठन पर लगातार चर्चा जारी है।

पटना में कल रात से ही बीजेपी और जदयू के वरिष्ठ नेताओं की बैठकें चल रही हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने मुख्यमंत्री आवास पर जदयू अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। इसके अलावा, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने भी आज शाम सीएम नीतीश से अलग बैठक की।

इस बीच, उपेंद्र कुशवाहा सरकार गठन से जुड़े मुद्दों पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से चर्चा करने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। दूसरी ओर, भाजपा और जदयू के नवनिर्वाचित विधायकों की कल अलग-अलग बैठकें होने की संभावना है, जिनमें वे अपने-अपने विधायक दल के नेताओं का चुनाव करेंगे। जदयू में नीतीश कुमार के फिर से विधायक दल का नेता चुने जाने की पूरी संभावना है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के बाद अब हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने भी अपने विधायक दल का नेता चुन लिया है। हम ने प्रफुल्ल मांझी को विधायक दल का नेता घोषित किया है। जब सभी दल अपने नेता चुन लेंगे, तब गठबंधन के 202 नवनिर्वाचित विधायकों की संयुक्त बैठक बुलाकर एनडीए विधायक दल के नेता का चयन किया जाएगा। इसके बाद यह नेता राज्यपाल को समर्थन पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा करेगा।

उधर, निवर्तमान सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक कल होने की संभावना है। इस बैठक में अपनी सरकार भंग करने की सिफारिश का प्रस्ताव पारित किया जा सकता है, जिससे नई सरकार के गठन का रास्ता साफ होगा। इधर चुनाव आयोग ने 18वीं बिहार विधानसभा गठन हेतु अधिसूचना जारी कर दी है, जिसके साथ ही राज्य में 6 अक्टूबर से लागू आदर्श आचार संहिता औपचारिक रूप से समाप्त हो गई है। राजभवन में सभी 243 नवनिर्वाचित विधायकों की सूची राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौंप दी गई है।

Share

Similar Posts