| |

भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाएगा: केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल

नई दिल्ली में आयोजित फिक्की की 98वीं वार्षिक आम बैठक के उद्घाटन समारोह में बोलते हुए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने बताया कि सरकार का मुख्य लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का है और इस दिशा में नवाचार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

श्री गोयल ने कहा कि एक समृद्ध, मजबूत और विकसित देश के निर्माण में सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कार्यबल को आधुनिक और उभरती प्रौद्योगिकियों के अनुरूप सही कौशल प्रदान किए जाने के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि भारत तेजी से बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में अग्रणी भूमिका निभा सके।

अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि भारत वर्तमान में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और अगले दो वर्ष देश को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण साबित होंगे। उन्होंने कहा कि भारत न तो किसी बाहरी दबाव के आगे झुकेगा और न ही अपने राष्ट्रीय हितों से समझौता करेगा।

पीयूष गोयल ने विश्वास व्यक्त किया कि सरकारी नीतियों, उद्योग के सहयोग और युवा नवप्रवर्तकों के योगदान से भारत विश्व स्तर पर प्रौद्योगिकी और नवाचार का हब बनकर उभरेगा।

Share

Similar Posts