|

‘भागम भाग 2’ में नहीं दिखेंगे गोविंदा, फैंस हुए निराश

बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा की बड़े पर्दे पर वापसी का इंतजार लंबे समय से किया जा रहा है। इसी बीच जब साल 2006 की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म भागम भाग के सीक्वल की चर्चा शुरू हुई, तो फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हालांकि अब सामने आई रिपोर्ट्स ने इस खुशी को थोड़ा फीका कर दिया है।

सूत्रों के मुताबिक भागम भाग 2 की कास्टिंग में बड़ा बदलाव किया गया है। खबर है कि अक्षय कुमार और परेश रावल तो अपनी भूमिकाओं में वापसी करेंगे, लेकिन गोविंदा इस बार फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। उनकी जगह कथित तौर पर मनोज बाजपेयी को कास्ट किया गया है।

बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी एक बार फिर गलत पहचान, हास्यास्पद उलझनों और अराजक परिस्थितियों के इर्द-गिर्द घूमेगी। मेकर्स इस बार मनोरंजन का स्तर और ऊंचा ले जाने की तैयारी में हैं। चर्चा है कि फिल्म की शूटिंग अगले महीने से मुंबई में शुरू हो सकती है।

हालांकि इस कास्टिंग बदलाव ने सोशल मीडिया पर फैंस को निराश कर दिया है। कई यूजर्स का मानना है कि गोविंदा की कॉमिक टाइमिंग और एनर्जी ‘भागम भाग’ की पहचान थी। सोशल प्लेटफॉर्म्स पर कुछ प्रशंसकों ने यहां तक कहा कि उनके बिना सीक्वल अधूरा लगेगा।

गौरतलब है कि गोविंदा आखिरी बार 2019 में रिलीज हुई फिल्म रंगीला राजा में नजर आए थे। ऐसे में उनके फैंस अब भी किसी दमदार वापसी का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन ‘भागम भाग 2’ से बाहर होने की खबर ने उनकी उम्मीदों को झटका जरूर दिया है।

Share

Similar Posts