बैतूल में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार जीप ने स्कूल वैन को मारी टक्कर, छात्रा की मौत, 11 बच्चे घायल

मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भैंसदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसदेही–गुदगांव मार्ग पर एक तेज रफ्तार जीप ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वैन सवार एक छात्रा की मौके पर मौत हो गई, जबकि 11 बच्चे घायल हो गए।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्या संस्कार पीठ (वेदिका पीठ) स्कूल, भैंसदेही–गुदगांव के बच्चों को लेकर जा रही स्कूल वैन को गैस गोदाम के पास सामने से आ रही जीप क्रमांक MP 06 P 0902 ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन अनियंत्रित होकर पूर्णा नदी के पास पलट गई।
इस दुर्घटना में 7 वर्षीय छात्रा हर्षिता पाटणकर, पिता पवन पाटणकर, की मौत हो गई। मृतक बच्ची स्कूल वैन चालक सोनू पाटणकर की भतीजी थी और कक्षा पहली की छात्रा थी। हादसे के समय वह चालक के पास वाली सीट पर बैठी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, वैन में कुल 15 बच्चे सवार थे, जिनमें से 11 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद वैन चालक सोनू पाटणकर स्टीयरिंग में फंस गया था, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल पांच बच्चों को जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया है।
एसडीओपी भूपेंद्र सिंह मौर्य ने बताया कि हादसे के बाद जीप भी सड़क किनारे पलट गई। जीप में सवार दो लोग मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






